एक नंबर के ‘पलटू’ निकले Gaurav Khanna? 50 लाख की प्राइज मनी को लेकर मारा ऐसा यू-टर्न

‘बिग बॉस सीजन 19’ के विनर गौरव खन्ना, जिन्होंने बीते दिनों यह दावा किया था कि उन्हें सलमान खान के शो से जीती हुई प्राइज मनी अभी तक नहीं मिली है, अब अपनी बात से पलटते नजर आ रहे हैं।
हाल ही में ‘अनुपमा’ फेम एक्टर गौरव खन्ना ने एक खास बातचीत में इस बात को ज्यादा हाइप न करने की गुहार लगाई है और साथ ही यह क्लियर किया है कि उन्हें उनका पैसा मिल गया है।
गौरव खन्ना ने 40 दिन पहले शूट किया था व्लॉग
‘टाइम्स नाउ’ से खास बातचीत करते हुए गौरव खन्ना (Gaurav Khanna) ने यह क्लियर किया कि प्राइज मनी को लेकर वायरल हो रहा वीडियो उन्होंने 40 दिन पहले बनाया था। गौरव ने कहा, “इस बात को बिना किसी कारण के बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। यह 40 दिन पुराना व्लॉग है, जब मैं सर्दियों में अपने होमटाउन गया हुआ था। लेकिन यह वीडियो कुछ दिनों बाद अपलोड हुआ, तो लोगों को लगा कि यह कोई नई रिकॉर्डिंग है, जबकि ऐसा नहीं है।”
बिग बॉस 19 के विनर को मिल चुकी है प्राइज मनी
गौरव खन्ना ने इंटरव्यू में यह भी क्लियर किया कि ‘बिग बॉस 19’ के मेकर्स की तरफ से उन्हें पूरा पैसा मिल चुका है। उन्होंने कहा,
“टेलीविजन में इन चीजों में थोड़ा समय लगता है और यह बात मैंने अपने व्लॉग में बिना किसी पर आरोप लगाए क्लियर भी की थी। मुझे मेरी पूरी प्राइज मनी मिल चुकी है। इसलिए, अब इन बातों को तूल देना बंद करें।”
दरअसल, कुछ समय पहले गौरव खन्ना के यूट्यूब चैनल पर उनका एक व्लॉग आया था, जिसमें उन्होंने एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए कहा था, “वैसे सच बोलूं तो टाइम लगता है ये सब आने में। अभी तक पैसे नहीं मिले हैं, लेकिन मुझे यकीन है कि मिल जाएंगे क्योंकि यह पूरा एक प्रोसेस होता है। मुझे लगता है कि इन सब चीजों में 1-2 महीने लग जाते हैं। कंपनी की अपनी इंटरनल ऑडिट्स होती हैं। पैसे आ जाएंगे, ऐसा नहीं है कि नहीं आएंगे।” आपको बता दें कि गौरव खन्ना जब सीजन की ट्रॉफी जीते थे, तो फैंस दो हिस्सों में बंट गए थे।





