एअर इंडिया की फ्लाइ़ट में फिर गड़बड़ी, म्यूजिक डायरेक्टर ने दिखाया प्लेन के अंदर का हाल

अहमदाबाद विमान हादसे के एक महीने बाद एक म्यूजिक डायरेक्टर ने सोशल मीडिया पर एअर इंडिया के फ्लाइट की गड़बड़ी की शिकायत की है। विमान में हुई गड़बड़ी के बाद यात्री परेशान हो गए और बच्चे भी रोने लगे। उन्होंने क्रू मेंबर्स पर भी अपना गुस्सा निकाला है।
यह म्यूजिक डायरेक्टर हैं साजिद अली (Music Director Sajid Ali) जो हाल ही में दुबई से मुंबई एअर इंडिया फ्लाइट (Air India Flight) में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि एअर इंडिया फ्लाइट में पिछले डेढ़ घंटे से लाइट नहीं आ रही है और बच्चे डरे हुए हैं और रो रहे हैं।
एअर इंडिया की फ्लाइट में गुल हुई लाइट
साजिद अली ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कहा, “अभी इतना बड़ा कांड हो गया है इंडिया का और फिर इंडिया की फ्लाइट में दुबई से बैठे हैं। देखो सब लोग परेशान हैं। डेढ़ घंटा हो गया और चार बार लाइट चली गई है। कोई जवाब नहीं दे रहा है और सभी माहौल को बहुत हल्के में ले रहे हैं। सब हंस रहे, मजे ले रहे हैं लेकिन यह सीरियस मैटर है। बच्चे घबरा रहे हैं, रो रहे हैं।”
फ्लाइट में बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
साजिद अली ने कहा कि उनके भाई ने शिकायत की है। उन्हें डर लग रहा है कि यह राइट साइन है या फिर रॉन्ग। तीन चार बार फ्लाइट में लाइट चली गई। फ्लाइट 11 बजे की थी और 12.45 बजे हैं। लोग बिल्कुल भी सीरियस नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 5 मिनट लेट होने के बाद काउंटर बंद कर देते हैं।
साजिद अली ने मांगी दुआ
साजिद अली ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, “डरने की नहीं, दुआओं की जरूरत है, लेकिन आजकल उड़ान भरना संभव नहीं है। मिस्टर महाराजा ( एअर इंडिया ) अपना ध्यान रखने का समय आ गया है। मैंने एअर इंडिया को सहयोग भेजा है। उम्मीद है कि आपको यह जरूरी लगेगा।”