मौसम: उप्र में बांदा सबसे गर्म, पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा

पारा चढ़ते ही गर्मी के तेवर तल्ख होने लगे हैं। उत्तर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को तेज धूप के बीच गर्म हवाएं और लू के थपेड़ों ने लोगों झुलसाया। सूबे के ज्यादातर जिलों में तापमान 41 डिग्री के पार चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है। बांदा सबसे अधिक गर्म रहा।
मौसम विभाग के अनुसार सूबे का सबसे गर्म शहर बांदा रहा, जहां तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरे स्थान पर प्रयागराज रहा, जहां तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी में तापमान 43.2 और उरई में 43.0 डिग्री रहा। यही नहीं, झांसी, बलिया, लखनऊ, सुल्तानपुर, कानपुर और लखीमपुर खीरी में भी तापमान 42 डिग्री के पार दर्ज हुआ। हमीरपुर, आगरा, फतेहगढ़, बरेली व बहराइच में तापमान 41 डिग्री से अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मौसम साफ रहेगा और तापमान में थोड़ी और वृद्धि होने की संभावना है।
पूर्वांचल में चिलचिलाती धूप व लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है। वाराणसी में शनिवार को तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को गोरखपुर-बस्ती मंडल के सभी सात जिलों (गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर) का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। गोरखपुर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सभी जिलों में 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। ऐसे में दिन के साथ रात भी गर्म हो गई है।
आगरा में शनिवार दोपहर में धूल भरी आंधी चली। अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री दर्ज किया गया। मथुरा में पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। फीरोजाबाद, मैनपुरी और एटा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। धूप और गर्म हवा से लोग परेशान रहे। अलीगढ़ में सूरज ने शनिवार को फिर तल्ख तेवर दिखाए तो तेज गर्म हवाओं के थपेड़ों ने राहगीरों को खूब झुलसाया। अधिकतम तापमान 41. 8 डिग्र्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मुरादाबाद, सम्भल, अमरोहा और रामपुर में शनिवार को तेज धूप के बीच धूल भरी आंधी ने लोगों को परेशान किया।
पश्चिम में सबसे ज्यादा तापमान 43 डिग्री सेल्सियस अमरोहा और सम्भल में 42 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान अमरोहा में 26 और सम्भल में 27 डिग्री रहा। मुरादाबाद में तापमान अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रामपुर में तापमान भी 41 तक पहुंच गया। मेरठ में भी तेज धूप के बीच गर्म हवाएं चलीं। बरेली में पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। अधिकतम तापमान 41.1 दर्ज किया गया जबकि बदायूं में पारा 41.4 तक पहुंच गया। शाहजहांपुर में अधिकतम तापमान 40.6 और पीलीभीत 39.2 रहा।





