उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन के दौरे से पहले श्रीनगर में सुरक्षा कड़ी

कश्मीर घाटी में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। कड़े सुरक्षा के इंतजामों के बीच श्रीनगर शहर और अन्य भीड़ भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षाबल के जवान सतर्क हैं। बता दें कि उपराष्ट्रपति 26 फरवरी को यहां कश्मीर यूनिवर्सिटी के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए श्रीनगर आ रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम्स जारी हैं। कई प्रतिभागी देश के कोने-कोने से आए हुए हैं। पर्यटकों की भी अच्छी खासी संख्या है। इस बीच उपराष्ट्रपति का दौरा भी है जिसे ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत योजना के तहत सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को पिछले एक सप्ताह में चार बार नाकाम किया गया है। उनके द्वारा लगाई गई आईईडी निष्क्रिय की गई हैं।
आतंकवादियों में मौजूदगी दर्ज कराने को लेकर हताशा जरूर होगी जिसे ध्यान में रखते हुए पूर्ण सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। श्रीनगर शहर और अन्य भीड़ भाड़ वाले इलाकों पर कड़ी निगरानी बनाई जा रही है ताकि अमन और शांति का माहौल भंग न हो। शहर के सभी एंट्री पॉइंट और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त तैनाती है और विशेष नाइट एरिया डोमिनेशन पेट्रोलिंग भी की जा रही है। चूक की कोई गुंजाइश नहीं रखी गई है।





