उन्‍नाव : कानपुर-लखनऊ हाइवे पर अनियंत्रित बस का एक्‍सीडेंट, चालक की मौत 30 घायल

उन्नाव। अप्रत्याशित दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों का सबब बने कानपुर लखनऊ हाइवे पर रविवार सुबह एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर दुर्घटना ग्रस्त हो गई। इसमें चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में सवार 30 यात्री घायल हो गए।

घायलों में तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हाइवे पर कानपुर और लखनऊ के बीच बीते 48 घण्टों में यह चौथी दर्दनाक घटना है। ताबड़तोड़ दुर्घटना हादसों में तत्कालिक मदद व उपचार के लिए शासन प्रशासन द्वारा किये जा रहे दावों की कलई खुलकर सामने आ गई है।

रोडवेज बस के घायलों में घण्टों यात्री कराहते रहे। सूचना पर अजगैन पुलिस व हाइवे एम्बुलेंस ने घायलों को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया, जहाँ से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस्ती डिपो की बस रविवार को भोर पहर कानपुर से लखनऊ होकर गोरखपुर जा रही थी।

थाना अजगैन क्षेत्र के जगदीश पुर गांव के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटना ग्रस्त हो गई, जिससे पीछे आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक बस से भिड़ गया। घटना में मृत बस चालक हनीफ 50 पुत्र अनवर अली जनपद बस्ती के सदर कोतवाली के गांव दारी डीहा का निवासी था।

दुर्घटना में घायलों ने बताया कि चालक को झपकी लगने की वजह से ऐसा हुआ।  बता दें कि अभी कल ही हाइवे पर हुसैन नगर चौराहे पर एक कंटेनर डिवाईडर से टकराकर पलट गया था, जिसमें कंटेनर के सह चालक जनपद बदायूँ निवासी सुलेमान 36 पुत्र वासित की मौके पर ही म्रत्यु हो गई थी।

इसी तरह दही चौकी के पास बाइक डिवाइडर से टकरा जाने की वजह से सफीपुर निवासी 30 वर्षीय बिकास की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि सोनिक मोड़ के पास 50 वर्षीय एक अधेड़ को ट्रक ने टक्कर मारकर मौत की नींद सुला दी थी मृतक की पहिचान नहीँ हो सकी है।

Back to top button