उन्नाव : उत्साह- उमंग के साथ फहराया जायेगा तिरंगा, सार्वजनिक रूप से नहीं होंगे समारोह

उन्नाव। स्वतन्त्रता दिवस 15 अगस्त को जगह-जगह राष्ट्र ध्वज उत्साह व उमंग के साथ फहराया जायेगा। मगर इस बार कोरोना महामारी के चलते सार्वजनिक रूप से सभा व समारोहों का आयोजन प्रतिबन्धित रहेगा। सरकारी व अर्द्धसरकारी स्कूल व कालेजों के ध्वजारोहण में छात्र-छात्राओं को उपस्थित रहने की अनिवार्यता नहीं रहेगी न ही कोई सांस्कृति कार्यक्रम आयोजित होंगे। शिक्षक ही उपस्थित रहकर ध्वजारोहरण करेंगे। सरकारी भवनों व औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं अमर शहीदों के स्मारकों पर स्वतन्त्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ब्लब की झालरों से जगमग किया जायेगा। उक्त निर्णय जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को दोपहर विकास भवन में आहूत बैठक के दौरान लिया गया।

जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने कहा कि स्वतन्त्रता दिवस का महापर्व 15 अगस्त को  पूरी शानो-शौकत के साथ दो गज की दूरी, मास्क जरूरी का अनुपालन करते हुए मनाया जायेगा। स्कूल-कालेजों में शिक्षक की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया जाये। जिला मुख्यालय में विभिन्न विद्यालयों के भइया-बहनों द्वारा निकाली जाने वाली प्रभात फेरी व दौड़ प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि कोरोना महामारी के चलते स्थगित कर दिये  गये हैं। इसी प्रकार बेसिक शिक्षा परिषदीय स्कूलों एवं माध्यमिक एवं डिग्री कालेजों में ध्वजारोहण के अलावा अन्य कोई कार्यक्रम नहीं आयोजित होंगे।

उन्होंने निर्देश दिये कि अमर शहीदों के स्मारक स्थल डौडिया खेड़ा राजा रावराम बक्स सिंह व शहीद चन्द्रशेखर आजाद की जन्म स्थली बदरका में स्थित आजाद प्रतिमा तथा बेथर के अमर शहीद चन्द्रिका बक्स सिंह के स्मारक स्थलों पर स्वतन्त्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त को विद्युत रोशनी से जगमग किया जायेगा, जिसका दायित्व तहसीलदारों का सौंपा गया है। कलेक्ट्रेट भवन में ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक प्रातः 10ः30 बजे ग्राम बदरका में शहीद आजाद प्रतिमा पर माल्यापर्ण करेंगे।

जन्माष्टमी का पर्व घरों में ही मनायें

उन्नाव। जिलाधिकारी ने विकास भवन में हुई बैठक में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर मन्दिरों व सार्वजनिक स्थलों पर झांकी व अन्य कार्यक्रम न आयोजित कर, घरों में ही पूजन करने की अपील नागरिकों से की है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण ऐसे सार्वजनिक कार्यक्रमों से बचा जाये।

मोहर्रम के अवसर पर नहीं निकलेंगे ताजिया व जुलूस – जिलाधिकारी ने मोहर्रम पर निकलने वाले ताजिया जुलूस पर भी रोक लगा दी है। उन्होंने बैठक में उपस्थित शहर की  बड़ी ईदगाह के इमाम से कहा की वह स्वयं भी मुस्लिम समाज के लोगों से इसके लिए अपील करें। बैठक में प्रमुख रूप से पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन नगर मजिस्ट्रेट द्वारा किया गया।

बैग लूटेरा अरेस्‍ट

उन्नाव। पत्नी को मायके से घर वापस ला रहे युवक की पत्नी का बैग लूटकर भागे बुलेट सवार को थाना पुलिस ने चार  दिन बाद मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेजा है।

थाना क्षेत्र के कुशलपुर निवासी युवक मिथुन पुत्र नन्हू 5 अगस्त की शाम मोटर साइकिल अपनी पत्नी को ससुराल बेनीगंज उन्नाव से लेकर अपने गांव जा रहा था कोरारी मोड़ के पहले सड़क पर लगे भुट्टे खरीदने लगा मोटर साईकिल के पास खड़ी उसकी पत्नी ने पैसे निकालने के लिए जैसे ही बैग निकाला वैसे ही बुलेट मोटरसाइकिल से आए युवक ने पत्नी का बैग छीनकर भाग निकला मिथुन ने इसकी शिकायत थाना पुलिस में उसी दिन कर दी थी।

थाना पुलिस ने प्रकरण की छानबीन करके लुटेरे अमित सोनकर पुत्र रामबाबू सोनकर निवासी चौरा कोतवाली उन्नाव को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार करते हुए लूटा गया बैग और उसमें झुमकी माँगबेंदी तथा नगदी सहित बरामद करते हुये सोमवार को जेल भेज दिया।

Back to top button