उत्तर प्रदेश में फिर मचा हाहाकार, जुमे की नमाज के बाद हिंसक हुआ प्रदर्शन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरूवार को नागरिकता कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन हुआ। वहीं आज फिर जुमे की नमाज के बाद यूपी के कई जिलों से हिंसा की खबरें आ रही हैं। फिरोजाबाद, कानपुर, हापुड़, सहारनपुर में आज भी हिंसा जारी है।
सबसे पहले उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार को नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। यहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जवाब में पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले दागे गए। फिरोजाबाद के अलावा यूपी के मुजफ्फरनगर में भी पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है। ऐसे में पुलिस की ओर से सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जामा मस्जिद के अलावा दिल्ली के सीलमपुर में भी विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच में CAA के विरोध में चल रहा प्रदर्शन अचानक से हिंसक हो गया, इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किय है।
वहीं इससे पहले उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हिंसा के मद्देनजर पुलिस ने करीब 3000 लोगों को हिरासत में लिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है उपद्रवियों की पहचान कर उनकी संपत्ति से नुकसान की भरपाई की जाएगी। लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के कई शहरों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। जिन शहरों में पूरी तरह से इंटरनेट बंद हैं, उनमें लखनऊ, बरेली, अलीगढ़, गाजियाबाद, प्रयागराज, संभल, मेरठ, मऊ और कानपुर शामिल हैं।