उत्तर भारत में अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी, दिल्ली-पंजाब में लू का अलर्ट

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी का असर साफ देखा जा रहा है। दिल्ली में ही रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कुछ यही हाल पंजाब का रहा। बठिंडा में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली और पंजाब में सोमवार से लू चलने का पूर्वानुमान है। मैदान के साथ ही पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी का असर दिखाई पड़ रहा है। अप्रैल के पहले सप्ताह में ही पहाड़ भी तपने लगे हैं। हिमाचल और उत्तराखंड में कई जगहों पर तापमान 30 डिग्री से ऊपर चला गया है।
दिल्ली में 41 डिग्री तक जा सकता है तापमान: IMD
राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान साफ रहा और दिन भर तेज धूप भी देखने को मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को आसमान साफ रहेगा। मौसम में नमी की मात्रा कम होने से लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का अहसास होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 21 डिग्री रहने की संभावना है। इसी तरह पंजाब में कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया। पटियाला में रविवार को अधिकतम तापमान 38.4, लुधियाना में 38.1, फरीदकोट में 38, चंडीगढ़ में 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल तक पंजाब के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हिमाचल, उत्तराखंड में भी पारा चढ़ा हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने सात व नौ अप्रैल को अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है। प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व सोलन के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
10-11 अप्रैल को मौसम विभाग की भविष्यवाणी
मौसम विभाग ने 10 और 11 अप्रैल को हल्की वर्षा और हिमपात की संभावना जताई है। रविवार को प्रदेश के 12 स्थानों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। वहीं अगले एक-दो दिन के भीतर प्रदेश के 20 से अधिक स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से पार होने की संभावना है।
वहीं उत्तराखंड के दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो कि सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि, मंगलवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा, मैदानी क्षेत्रों में गरज के साथ बौछार व अंधड़ चलने की आशंका है।