उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री उपेन्द्र तिवारी ने दुष्कर्म पीड़िताओं को लेकर दे डाला ये विवादित बयान

 उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री उपेन्द्र तिवारी ने दुष्कर्म पीड़िताओं को लेकर विवादित बयान दे डाला है। उनका कहना है कि दुष्कर्म का एक नेचर होता है।

विकास कार्यों की समीक्षा करने और भाजपा संगठन के पाधिकारियों की बैठक लेने गोंडा दौरे पर आये यूपी सरकार में वन राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने प्रदेश में हो रहीं दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर चकित कर देने वाला बयान दे डाला। मीडिया के सवाल पर बोले कि दुष्कर्म का नेचर होता है। उन्होंने कहा कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म तो होता है, लेकिन बालिग या शादी शुदा महिलाओं के साथ हुआ दुष्कर्म शक के घेरे में रहता है।

उन्होंने कहा कि कोई बालिग है और सात-आठ साल के प्रेम संबंध चल रहा है। आज सवाल आता है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ। तो आम सवाल है कि यह बात तो सात-आठ साल पहले उठ जानी चाहिए थी। इस तरह की तमाम घटनाएं हैं, उनका अलग-अलग नेचर है। जहां भी ऐसी घटनाएं होती हैं मुख्यमंत्री जी संज्ञान लेते हैं और उस पर कार्रवाई होती है। प्रशासन को भी निर्देश है कि इस तरह का मामला आए तो कड़ाई पूर्व निपटा जाए।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी तंज किया। कहा कि अखिलेश कहते है वह एक्सपेरिमेंट करते हैं। पहले ठगबंधन का असफल एक्सपेरिमेंट किया, मस्जिद जाते थे और अब बाबा भोलेनाथ की शरण में गए हैं। हो सकता है अयोध्या जाएं। अभी अखिलेश यादव एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। मंत्री ने पत्रकारों को भी नसीहत दे डाली। बोले कि कोई भी खबर बहुत सोच समझकर चलानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button