ईरान पर इजरायल का ‘अंतिम प्रहार’: गिदोन सार बोले- लक्ष्य सिर्फ जीत नहीं, सत्ता परिवर्तन

इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को कहा कि ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान का अंतिम उद्देश्य इस्लामी गणराज्य द्वारा उत्पन्न खतरों को समाप्त करना है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ संयुक्त अभियान का अंतिम लक्ष्य सत्ता परिवर्तन होगा।

नई दिल्ली में 11वें रायसीना संवाद के दौरान वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक सत्र को संबोधित करते हुए गिदोन सार ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य सत्ता परिवर्तन होगा और यह ईरान की जनता द्वारा ही संभव होगा। हमें इसके लिए परिस्थितियां बनानी होंगी।

उन्होंने मौजूदा ईरानी शासन को दमनकारी बताया और तर्क दिया कि परिवर्तन के लिए जनता की प्रबल इच्छा के बावजूद, शासन के दमनकारी स्वभाव ने अतीत में ऐसे प्रयासों को विफल कर दिया है।

उन्होंने कहा कि अब तक ईरान की दमनकारी शासन इतना शक्तिशाली, इतना अत्याचारी और इतना क्रूर था कि वे ऐसा नहीं कर सके, भले ही ईरान के भीतर ईरानी जनता का एक बड़ा हिस्सा परिवर्तन का पुरजोर समर्थन कर रहे थे। इसलिए, यह अंतिम चरण है। लेकिन अंतिम परिणाम ईरानी जनता द्वारा ही लिखा जाएगा।

उनकी ये टिप्पणियां पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच आई हैं, जब 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के संयुक्त सैन्य हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और अन्य की मौत हो गई थी, जिसके बाद तेहरान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

Back to top button