ईरान ने ट्रंप को होर्मुज से जुड़ा कौन-सा गिफ्ट दिया?

 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान ने यूएस को बहुत बड़ी रकम का एक तोहफा दिया है। यह तोहफा होर्मुज स्ट्रेस से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह तोहफा ईरान के परमाणु प्रोग्राम से नहीं बल्कि तेल और गैस से जुड़ा हुआ है।

हालांकि ट्रंप ने इस तोहफे के बारे में खुलासा नहीं किया है। यह रहस्यमयी टिप्पणी ट्रंप के उस फैसले के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने ईरान के पावर प्लांट पर हमले को पांच दिनों के लिए टाल दिया और युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौते के लिए ईरान के साथ बातचीत की मेज पर लौटने का निर्णय लिया।

ट्रंप ने क्या कहा?

डोनल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “कल उन्होंने कुछ ऐसा किया जो सचमुच कमाल का था। उन्होंने हमें एक तोहफा दिया है और वह तोहफा आज हमारे पास पहुंचा है। यह बेहद ही खास तोहफा है, जिसकी कीमत बहुत ज्यादा है। मैं आपको यह नहीं बताऊंगा कि यह तोहफा आखिर है क्या? लेकिन ये बेहद अहम है। इसका मेरे लिए एक ही मतलब है कि हम सही लोगों के साथ डील कर रहे हैं।”

अमेरिकी कमांडर-इन-चीफ ने कहा कि तेहरान ने उन्हें जो तोहफा भेजा था वह तेल और गैस से जुड़ा था, क्योंकि दोनों देश संभावित संघर्ष-विराम की ओर देख रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “यह तेल और गैस से जुड़ा था।” साथ ही ट्रंप ने इस गिफ्ट को बहुत ही अनमोल बताया।

ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा है गिफ्ट?

जब उनसे पूछा गया कि क्या इसका संबंध होर्मुज स्ट्रेट से है तो ट्रंप ने इसका जवाब हां में दिया। उन्होंने कहा, “यह बहाव और जलडमरूमध्य से जुड़ा था।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि यह उपहार ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा नहीं था, लेकिन उन्होंने अपने इस दावे को दोहराया कि ईरानी पक्ष इस बात पर सहमत हो गया है कि वे कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करेंगे।

Back to top button