इस लड़ाई में क्‍यों और कैसे शुरू हुई भगवा व बुर्के की चर्चा जानिए इस खबर में…

बिहार में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है। उस दिन राज्‍य की जिन आठ सीटों (वाल्‍मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, महाराजगंज, सिवान, गाेपालगंज, शिवहर व वैशाली) पर वोट पड़ेंगे, उनमें सिवान भी शामिल है। यहां दो बाहुबली नेताओं की बीवियां ताल ठोक रहीं हैं। खास बात यह कि इन दोनों की लड़ाई में एक चर्चा ‘भगवा बनाम बुर्के’ की चल पड़ी है। इसका आधार कुछ और नहीं, पहनावा हैं और इसे हवा मिली है जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रत्‍याशी कविता सिंह के पति अजय सिंह के बयानों के कारण।
चर्चा का ये है आधार 
विदित हो कि सिवान में महागठबंधन के राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रत्याशी हीना शहाब पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन की बीवी हैं। वे सामान्‍यत: बुर्का में नजर आती हैं। दूसरी ओर राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रत्याशी कविता सिंह के पति अजय सिंह सिवान में हिंदू युवा वाहिनी के मुखिया है और उनका पहनावा भगवा है। इस कारण यहां ‘भगवा बनाम बुर्का’ की चर्चा है।
हिना शहाब के बुर्के का जिक्र करते अजय 
भगवा बनाम बुर्का की यह चर्चा अजय सिंह की हिना शहाब के बुर्के पर टिप्पणी से शुरू हुई बताई जाती है। अजय सिंह चुनाव प्रचार के दौरान हिना शहाब के बुर्का का जिक्र करते रहे हैं। अजय सिंह अपनी पत्‍नी के लिए चुनाव प्रचार के दौरान हिना शहाब के पति मो. शहाबुद्दीन की आपराधिक छवि और पाकिस्तान की भी बातें भी करते रहे हैं। हालांकि, अजय सिंह की छवि भी बाहुबली वाली है। उनपर भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इन आधारों पर वोट मांग रहीं कविता व हीना
जदयू प्रत्याशी कविता सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों के आधार पर वोट मांग रही हैं तो हिना शहाब सिवान की बेटी होने के नाते वोट मांग रही हैं। दोनों क्षेत्र के विकास का वादा कर रहीं हैं।
राजग के आंतरिक कलह से मुश्किल में कविता 
बीते लोकसभा चुनाव में सिवान राजग के खाते में गया था। लेकिन यहां कविता सिंह की राह आसान नहीं दिख रही हैं। सिवान भाजपा के एक नेता गोपनीयता के आग्रह के साथ कहते हैं कि यहां राजग में आंतरिक कलह है। वर्तमान भाजपा सांसद ओमप्रकाश यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सिंह के बीच तनाव जग-जाहिर है। उधर, आेम प्रकाश यादव के समर्थक सिवान सीट जदयू के खाते में जाने से नाराज हैं। ओम प्रकाश यादव के समर्थक अंतिम समय में कविता सिंह का खेल बिगाड़ दें तो आश्‍चर्य नहीं।
कविता सिंह के पति के विवादित बयान भी परेशानी का सबब हैं। कुछ ब्राह्मणों पर की गई टिप्‍पणी से इस तबके में भी नाराजगी है। हालांकि, उन्‍होंने माफी मांग ली है।
हिना की राह में रोड़ा बनी शहाबुद्दीन की छवि 
राजद की हिना शहाब दो बार से लोकसभा चुनाव में पराजित हो रहीं हैं। उनकी राह का सबसे बड़ा रोड़ा पति मो. शहाबुद्दीन की आपराधिक छवि है। विरोधी अपने चुनाव प्रचार में शहाबुद्दीन के दौर के सिवान का जिक्र करना नहीं भूल रहे हैं। हालांकि, हिना शहाब अपने पति को विकास पुरुष बता रही हैं।
…अब 12 को फैसला करेगी जनता 
बहरहाल, सिवान में चुनाव प्रचार जारी है। इसमें किसके सर ताज सजेगा, इसकी घोषणा भले ही 23 मई को मतगणना के बाद हो, जनता फैसला तो 12 मई को वोटिंग में ही कर देगी।

Back to top button