इस कारण यहां एक साथ आए हिन्‍दू-मुस्लिम, एक स्वर में बोले- राम नाम सत्य है

फिरोजाबाद। नगर में एक चिकित्सक की मौत के बाद गुरूवार को उसकी शव यात्रा में हिन्‍दू-मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिली। चिकित्सक की शव यात्रा में भारी संख्या में हिन्‍दू-मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे जो एक स्वर में राम नाम सत्य है कहते हुये नजर आये।

थाना दक्षिण क्षेत्र के नालबंद चैराहा नाले की पुलिया पर चिकित्सक डा. विनोद गुप्ता अपना चिकित्सालय चलाते थे। जिनकी खासियत थी वह मरीजों से पैसे नहीं लेते थे और वह हर वक्त मरीजों के इलाज को तत्पर रहते थे। अधिकांशत आसपास मुस्लिम बाहुल्य एरिया होने के साथ ही वे सभी से प्रेम भाव के साथ बिना किसी भेदभाव के सभी का उपचार सही से करते थे। बुधवार की रात अचानक हालत खराब होने से उनका निधन हो गया।
गुरूवार को जैसे ही चिकित्सक की मौत की खबर लोगों को लगी तो भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गये। हैरत की बात तो यह रही कि शमशान तक उनकी अर्थी को मुस्लिम समाज के लोग अपने कंधे पर लेकर आये। इस दौरान रास्ते भर राम नाम सत्य है के स्वर गूंजते रहे। जो कि हिन्दू मुस्लिम एकता की मिसाल बन गई। सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम भाई जलेसर रोड स्थित शमशान घाट पर एकत्रित हुये और सभी ने चिकित्सक का अंतिम संस्कार किया। यह नजारा हर कोई देखता रह गया।
सूचना पाकर नगर विधायक मनीष असीजा भी कई भाजपाईयों के साथ शमशान स्थल पर पहुंच गये। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा रिश्ता मानवता का होता है, इसी कारण डा. साहब के निधन पर आज यह हिन्‍दू-मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिल रही है।
The post इस कारण यहां एक साथ आए हिन्‍दू-मुस्लिम, एक स्वर में बोले- राम नाम सत्य है appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button