इस आसान रेसिपी से ट्राई करें ये चटाकेदार हरियाली मटर खिचड़ी

अब सर्दियां जा रही हैं और वसंत का मौसम दस्तक दे रहा है, लेकिन शाम के वक्त अभी भी ठंड महसूस होती है। ऐसे में डिनर में अगर गरमा-गरम खिचड़ी की थाली सामने हो, तो मजा आ जाता है। वैसे तो खिचड़ी को अक्सर सादा खाना माना जाता है, लेकिन अगर इसमें ताजी मटर और मसालों का तड़का लग जाए, तो यह लाजवाब बन जाती है।
हरियाली मटर खिचड़ी ऐसी ही एक डिश है। यह न केवल दिखने में आकर्षक लगती है, बल्कि यह पोषण से भरपूर और आसानी से पचने वाला खाना है। इस खिचड़ी की खासियत इसका हरा मसाला है, जो इसे साधारण पीली खिचड़ी से बिल्कुल अलग स्वाद और खुशबू देता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
सामग्री
चावल- 1 कप (बासमती या छोटे दाने वाले)
मूंग दाल- ½ कप (धुली हुई)
ताजी हरी मटर- 1 कप
हरा मसाला पेस्ट के लिए- 1 कप ताजा धनिया, ½ कप पुदीना, 3-4 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक का टुकड़ा और 4-5 लहसुन की कलियां
तड़के के लिए- 2 बड़े चम्मच घी, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 तेज पत्ता, 2 लौंग और एक टुकड़ा दालचीनी
अन्य सब्जियां- 1 बारीक कटा प्याज और 1 टमाटर
मसाले- ½ चम्मच हल्दी, ½ चम्मच गरम मसाला और स्वादानुसार नमक
पानी- 4-5 कप
बनाने की विधि
सबसे पहले दाल और चावल को साफ करके 20-30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। इससे खिचड़ी खिली-खिली और नरम बनती है।
अब मिक्सर जार में हरा धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालें। थोड़ा-सा पानी डालकर इसका बारीक पेस्ट बना लें। यही पेस्ट खिचड़ी को वह खास हरा रंग और बेहतरीन स्वाद देगा।
इसके बाद प्रेशर कुकर में घी गरम करें। जब घी गरम हो जाए, तो उसमें जीरा, तेज पत्ता, लौंग और दालचीनी डालें। अब कटा हुआ प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद टमाटर और तैयार किया हुआ हरा पेस्ट डालें और मसाले को तब तक भूनें जब तक कि घी किनारों से अलग न होने लगे।
अब इसमें ताजी हरी मटर, हल्दी, गरम मसाला और नमक डालें। भीगे हुए दाल-चावल का पानी निथारकर उन्हें कुकर में डालें और मसालों के साथ 2 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें।
अब कुकर में 4 से 5 कप गर्म पानी डालें। खिचड़ी की कंसिस्टेंसी के हिसाब से पानी कम या ज्यादा कर सकते हैं। कुकर का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर 2-3 सीटी आने तक पकाएं। प्रेशर खत्म होने के बाद ही कुकर खोलें।
सर्व करने का खास अंदाज
हरियाली मटर खिचड़ी का असली मजा खिचड़ी के चार यार यानी दही, पापड़, घी और अचार के साथ आता है। परोसते समय ऊपर से एक चम्मच शुद्ध देसी घी और बारीक कटा हरा धनिया डालना न भूलें। अगर आप थोड़ा ट्विस्ट चाहते हैं, तो इसके साथ बूंदी का रायता भी परोस सकते हैं।





