इस्लामाबाद में नहीं बनी बात तो कराची के KSE में लगी ‘आग’! धुआं-धुआं हो गए करोड़ों

 इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका (Islamabad Talks) के बीच वार्ता के फेल होने से पाकिस्तान को तगड़ा झटका लगा है और इस पड़ोसी मुल्क के निवेशकों को करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया। दरअसल, पाकिस्तानी अखबार डॉन की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प (Donald Trump) ईरान के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी के आदेश दे दिया। इससे सोमवार को पाकिस्तान शेयर बाजार का बेंचमार्क KSE-100 सूचकांक इंट्राडे कारोबार में तेजी से गिर गया, जिससे पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज (PSX) में अस्थिरता फैल गई।

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, KSE-100 इंडेक्स कारोबार शुरू होते ही 5,000 से अधिक अंक गिर गया और सुबह 9:50 बजे के आसपास 161,638.07 के निम्नतम स्तर पर पहुंच गया, जबकि इससे पहले यह 167,191.37 पर बंद हुआ था। हालांकि, बाद में इंडेक्स में रिकवरी देखने को मिली और यह 162,000 के स्तर के आसपास उतार-चढ़ाव के बाद 163,429.78 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

नाकाबंदी के आदेश से मची खलबली

पाकिस्तानी अखबार की रिपोर्ट की मानें तो तेहरान के साथ वार्ता विफल होने के बाद डोनल्ड ट्रंप द्वारा ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी का आदेश देने के बाद शेयरों में भारी गिरावट आई है, जिससे संघर्ष में तनाव और बढ़ गया है, जो अब सातवें सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। इस घटनाक्रम ने एशियाई बाजारों पर दबाव बढ़ा दिया है, जो पहले से ही होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावित होने से ऊर्जा संकट के चलते कमजोरी का सामना कर रहे हैं।

दरअसल, होर्मुज स्ट्रेट… ईरान के तट से सटा एक महत्वपूर्ण वैश्विक जल परिवहन मार्ग, जिसे तेहरान ने 28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू किए जाने के बाद से प्रभावी रूप से अवरुद्ध कर दिया है। इस जलडमरूमध्य को फिर से खोलना इस सप्ताह की शुरुआत में घोषित युद्धविराम की एक शर्त के रूप में देखा जा रहा था।

डॉन अखबार के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास आने की कोशिश करने वाले किसी भी सैन्य पोत को अमेरिका के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम का उल्लंघन माना जाएगा और उन्होंने “निर्णायक” जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तानी शेयर बाज़ारों में आई तेज़ी के बाद अब अस्थिरता देखने को मिल रही है। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, 8 अप्रैल को अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की खबर के बाद, शुरुआती कारोबार में KSE-100 में 14,000 से अधिक अंक उछल गया था, जिसके चलते PSX नियमों के तहत अस्थायी रूप से कारोबार रोक दिया गया था। पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

Back to top button