इलाहाबाद हाईकोर्ट बार के संयुक्त सचिव पर फायरिंग, अधिवक्ताओं ने घेरी पुलिस चौकी, हंगामा

प्रयागराज। धूमनगंज के राजरूपपुर में रविवार रात असलाधारियों ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव प्रशासन अभिषेक शुक्ला पर हमला कर दिया। विरोध करने पर हमलावरों ने फायरिंग करके सनसनी फैला दी। हमले में जख्मी हुए अधिवक्ता को स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने राजरूपपुर चौकी पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान अधिवकताओं और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई। हमलावरों में से एक अतीक अहमद गुट का बताया जा रहा है।

नीमसराय निवासी अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला रविवार की रात 9 बजे के बाद राजरूपपुर में जागृति चौराहे पर खड़े थे। इस दौरान जागृति चौराहे पर किसी ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इस बात पर कुछ नोकझोंक हुई और हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए अभिषेक पर तमंचे की बट से हमला कर दिया। विरोध करने पर हमलावरों ने फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही साथी अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभाशंकर मिश्रा ने जख्मी अभिषेक शुक्ला को स्वरूपरानी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभी तक गोली लगने का प्रमाण नहीं मिला है। डॉक्टर उपचार करने में लगे हैं। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने सड़क जाम कर दी। देर रात तक विरोध प्रदर्शन व हंगामा चलता रहा।

Back to top button