इन शहरों में निगम संभालेंगे अभियांत्रिकी विभाग से पानी की सप्लाई और सीवरेज सिस्टम चुनाव आयोग ने भी दी हरी झंडी

गुरुग्राम, फरीदाबाद और करनाल की तर्ज पर अब हिसार, रोहतक, पानीपत और यमुनानगर में पेयजल सप्लाई और सीवरेज व्यवस्था का जिम्मा नगर निगम संभालेंगे। जनस्वास्थ्य और अभियांत्रिकी विभाग से पानी की सप्लाई और सीवरेज सिस्टम (Drinking Water and Sewerage Systems) को नगर निगम को हस्तांतरित करने पर चुनाव आयोग ने भी मुहर लगा दी है।
वहीं, फैसले के विरोध में हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन उतर आई है। यूनियन के प्रधान कृष्ण कुमार शर्मा ने प्रदेश सरकार पर जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग को बंद करने का षड्यं त्र रचने का आरोप लगाते हुए 6 मई को सभी जिला उपायुक्त कार्यालयों पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इस दौरान मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन भी सौंपे जाएंगे। यूनियन ने प्रदेशव्यापी आंदोलन को तेज करने के लिए 18 मई को राज्य कार्यकारिणी की रोहतक में मीटिंग बुलाई गई है।
सर्व कर्मचारी संघ के महासचिव सुभाष लांबा ने कहा कि पिछले साल हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों को नगर निगमों के हवाले किया था। इसका अनुभव काफी कड़वा है। फरीदाबाद व गुरुग्राम नगर निगमों को छोड़कर किसी अन्य नगर निगमों के पास जलापूर्ति व सीवरेज व्यवस्था को चलाने के लिए कोई अनुभव नहीं है। इससे यहां के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगमों की वित्तिय हालत पहले ही खस्ता है। करनाल में पानी के बिलों के करोड़ों रुपये की वसूली अटकी पड़ी है, जबकि नगर निगम प्रशासन नए कनेक्शन उपलब्ध नहीं करा पाया। डोजर तक ठीक नहीं हुए जिससे लोगों को क्लोरीन युक्त पानी पीना पड़ रहा है। कर्मचारियों को वेतन भी 22 तारीख को मिल रहा है।





