इन्फ्लुएंसर्स के वीडियो देखकर खरीदते हैं स्किनकेयर प्रोडक्ट्स, ये आदत पहुंचा सकती है त्वचा को नुकसान

अपनी स्किन को ग्लोइंग बनाने के लिए हम अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल प्रोडक्ट्स पर आंख बंद करके भरोसा कर लेते हैं। अपने फेवरेट इन्फ्लूएंसर के रिव्यू देखकर मान लेते हैं कि हमारी स्किन के लिए भी यह प्रोडक्ट जादुई साबित होगा।

लेकिन सच्चाई इससे अलग है। अगर आप भी उन लोगों में से हैं, जो सोशल मीडिया देखकर अपने लिए स्किनकेयर प्रोडक्ट्स खरीदते हैं, तो आपको यह खबर जरूर पढ़नी चाहिए।

एक ही साइज सबके लिए नहीं
स्किनकेयर की दुनिया में सबसे बड़ा मिथक यही है कि जो चीज किसी और पर काम कर रही है, वह आप पर भी करेगी। हर व्यक्ति की स्किन टाइप अलग होती है। वायरल वीडियो अक्सर स्किन टाइप को नजरअंदाज कर देते हैं। जैसे- एक हैवी फेशियल ऑयल ड्राई स्किन के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन वह एक्ने प्रोन स्किन के लिए भी सही हो, यह जरूरी नहीं।

स्किन बैरियर को नुकसान पहुंचाना
आजकल सोशल मीडिया पर रेटिनल और केमिकल एक्सफोलिएशन खूब चर्चा में हैं। इन्फ्लूएंसर्स के ऐड देखकर कई लोग इन्हें खरीद भी लेते हैं, लेकिन गलत मात्रा या गलत तरीके से इनका इस्तेमाल करना आपके स्किन बैरियर को डैमेज कर सकता है। इसके कारण स्किन पर रेडनेस, जलन और पर्जिंग हो सकती है।

फिल्टर्स और लाइटिंग का मायाजाल
सोशल मीडिया पर दिखने वाली ग्लास स्किन अक्सर असली नहीं होती। इन्फ्लुएंसर्स अक्सर वीडियो में फिल्टर्स और बेहतरीन लाइटिंग का इस्तेमाल करते हैं, जिससे प्रोडक्ट का असर जादुई दिखाई देता है। इस नकली चमक को हम असली मान लेते हैं और उनके बताए प्रोडक्ट्स पर आंख बंद करके भरोसा कर लेते हैं। लेकिन ऐसा करना आपकी स्किन को नुकसान भी पहुंचा सकता है।

नकली प्रोडक्ट्स
वायरल ट्रेंड्स की मांग इतनी बढ़ जाती है कि बाजार में अक्सर उनके सस्ते ड्यूप्स या नकली प्रोडक्ट्स आने लगते हैं। कई बार लोग सोशल मीडिया ऐड्स के चक्कर में अविश्वसनीय वेबसाइटों से खरीदारी कर लेते हैं, जिनमें हानिकारक केमिकल हो सकते हैं या वे फ्रॉड हो सकते हैं।

खुद को कैसे बचाएं?
अगर आप किसी वायरल प्रोडक्ट को ट्राई करना ही चाहते हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें-

पैच टेस्ट जरूरी है- कान के पीछे या हाथ की त्वचा पर थोड़ा सा प्रोडक्ट लगाकर 24 घंटे इंतजार करें।
सामग्री पढ़ें- केवल ब्रांड के नाम पर न जाएं, देखें कि उसमें क्या मिलाया गया है।
एक्सपर्ट की सलाह- अगर आपको कोई गंभीर स्किन समस्या है, तो इन्फ्लुएंसर की जगह डर्मेटोलॉजिस्ट की बात सुनें।

Back to top button