इनेलो के बिखराव व कांग्रेस की गुटबाजी का BJP को होगा फायदा : कलराज मिश्र

रोहतक लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर हरियाणा में सरगर्मी लगातार बढ़ रही है। सभी दलों के नेताओं की गतिविधियां तेज हो गई हैं। हरियाणा भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी व सांसद कलराज मिश्र भी राज्‍य में खासे सक्रिय हैं। उन्‍होंने यहां कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी दस सीटों पर जीत दर्ज करेगी। प्रदेश में इनेलो का बिखराव और कांग्रेस की गुटबाजी से भाजपा को फायदा होगा।

यहां पत्रकारों से बातचीत में कलराज मिश्र ने कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों से जनता खुश है और इसका लोकसभा चुनाव में परिणाम दिखेगा। इससे पहले यहां हुडा कांप्लेक्स स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों की बैठक भी की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि रोहतक सीट के लिए ऐसी रणनीति बनेगी कि भाजपा भारी मतों से जीत हासिल करेगी।

मिश्र ने कहा कि प्रदेश की जनता ने इनेलो में हुए बिखराव को देखा है और कांग्रेस की गुटबाजी से भी सब वाकिफ हैं। इन पार्टियों पर प्रदेश की जनता विश्वास नहीं कर सकती है। जनता अब पूरी तरह से मन बना चुकी है कि मोदी के नेतृत्व में ही देश विकास कर रहा है। इसलिए मोदी सरकार दोबारा से सत्ता पर काबिज होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशी कार्यकर्ताओं और जनता की पसंद के होंगे और कार्यकर्ताओं में किसी भी नेता के प्रति कोई विरोध नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस खोखली हो चुकी है और अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। ये हरियाणा में उनकी परिवर्तन यात्रा में दिख गया। जिस तरह से गुलाम नबी आजाद ने कई प्रत्याशियों की घोषणा की है, उससे ये जाहिर है कि इनके पास प्रत्याशी हैं ही नहीं। उनके साथ लोकसभा चुनाव के सहप्रभारी विश्वास सारंग, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button