इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, भाजपा विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड में था आरोपी

लखनऊ। भाजपा विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड में आरोपी एक लाख के इनामी बदमाश को एसटीएफ ने एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। आरोपी का नाम राकेश पांडेय उर्फ हनुमान पांडे है। राकेश पांडे मुख्तार अंसारी गैंग का शूटर था।
यूपी एसटीएफ के आईजी अमिताभ यश ने एनकाउंटर की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह राजधानी के सरोजिनी नगर में एसटीएफ ने राकेश पांडे का एनकाउंटर किया है। माफिया मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद राकेश पांडे मुख्तार अंसारी गैंग का बड़ा शूटर बन गया था। मऊ त्नप्ड के कोपागंज का रहने वाला राकेश पांडे कई सनसनीखेज वारदातों में शामिल रहा था। उसपर एक लाख रूपये का ईनाम था।
राकेश पांडे मऊ जिले में ठेकेदार अजय प्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह और अन्य के हत्याकांड में भी मुख्तार के साथ आरोपी था। शूटर राकेश पांडे का लंबा आपराधिक इतिहास था । राजधानी लखनऊ के अलावां रायबरेली, गाजीपुर और मऊ आदि जिलों में राकेश पांडे के खिलाफ दर्जनभर से ज्यादा गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।





