इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ मामले पर सियासत तेज

इंदौर में दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है, जिससे राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने इसे राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है। इंदौर क्रिकेट संघ ने घटना को शर्मनाक बताया है। ‘खिलाड़ी रोते हुए कॉल की’ इस घटना के बाद.
मध्यप्रदेश के इंदौर में गुरुवार सुबह दो अस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ एक शख्स ने सड़क पर छेड़छाड़ की थी। ये दोनों खिलाड़ी महिला क्रिकेट विश्व कप में हिस्सा लेने भारत आई हैं। आरोपी बाइक पर सवार था और दोनों खिलाड़ियों के पास से गुजरते हुए आरोपी ने दोनों महिलाओं को गलत तरीके से टच किया और भाग गया था।
यह घटना सुबह करीब 11 बजे होटल से कैफे की ओर पैदल जा रही खिलाड़ियों के साथ हुई। दोनों ने तुरंत अपनी टीम के सुरक्षा अधिकारी को मैसेज भेजकर लोकेशन साझा की। सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस ने बताया, “खिलाड़ी रोते हुए कॉल पर बताने लगीं कि क्या हुआ। हमने तुरंत कार भेजकर उन्हें वापस होटल बुलाया”।
कैसे हुई आरोपी की पहचान?
पास खड़े एक व्यक्ति ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट किया, जिसके आधार पर पुलिस ने CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान कर ली। शुक्रवार शाम पुलिस ने आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला
घटना के बाद विपक्षी दलों ने मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार को घेरा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, “इंदौर अपनी मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है, लेकिन यह घटना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है। मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए।” कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है। महिलाओं की सुरक्षा पर समझौता नहीं होना चाहिए। सरकार को सख्त सजा और त्वरित सुनिश्चित करना चाहिए।”
TMC के महासचिव कुणाल घोष ने कहा, बीजेपी शासित इंदौर में आईसीसी टूर्नामेंट के दौरान विदेशी महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ हुई, यह देश की प्रतिष्ठा पर दाग है। वहीं, टीएमसी प्रवक्ता सुदीप ने कहा, “यह बेटी बचाओ का असली चेहरा है। बीजेपी को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।”
भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार
मध्य प्रदेश की मंत्री कृष्णा गौर ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मामले को राजनीतिक रंग दे रही है। उन्होंने कहा, “यह शर्मनाक घटना है, लेकिन हमारी सरकार ने जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया।”
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और बीजेपी विधायक रमेश्वर शर्मा ने भी घटना की निंदा की और कहा कि आरोपी को सबसे कड़ी सजा दी जाएगी। शर्मा ने कहा, “चाहे बेटी ऑस्ट्रेलिया की हो या इंग्लैंड की, सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। आरोपी ने इंदौर की छवि खराब करने की साजिश की है।”
MPCA अध्यक्ष ने घटना को बताया शर्मनाक
इंदौर क्रिकेट संघ (MPCA) के अध्यक्ष महानाराणमण सिंधिया ने बयान जारी कर कगा, “यह बेहद दुखद और शर्मनाक है। एक व्यक्ति के कृत्य ने पूरे शहर की गरीमा को ठेस पहुंचाई है। खेस और समाज दोनों के लिए यह पीड़ादायक है।”





