इंग्लैंड में दीवारों वाला शहर है यॉर्क, यहां सब खूबसूरत सपने जैसा लगता है

एक शेफ होने के नाते मैं उन जगहों के व्यंजनों का आनंद लेती हूं और उन्हें अपने किचन में ट्राई भी करती हूं। मुझे विदेश में जहां भी जाने का मौका मिला, सभी जगह एक खास अपनापन मिला। यूं तो मैं फ्रांस, स्पेन, लंदन, अमेरिका सहित कई जगह जा चुकी हूं, लेकिन मेरे दिल के करीब स्कॉटलैंड और ब्रिटेन हैं। स्कॉटलैंड में एडिनबरा शहर बहुत पसंद है। वहां कैसल्स ही कैसल्स है। वहां जाकर मुझे बहुत अच्छा लगता है। ऐसा लगता है कि आप अतीत में किसी राजसी जगह आ गए हैं।इंग्लैंड में दीवारों वाला शहर है यॉर्क, यहां सब खूबसूरत सपने जैसा लगता है

यहां का एक किस्सा है, जो आज भी बहुत याद आता है। एक रेस्तरां में मैंने वहां के शेफ के साथ कई सारे स्कॉटिश व्यंजन बनाए थे और वहां आने वाले गेस्ट्स को खाना सर्व भी किया था। उन लोगों को वह व्यंजन बहुत पसंद भी आए थे। वह एक ऐसा अनुभव है, जो मुझे आज भी अच्छा महसूस कराता है। इसके अलावा जो मुझे बहुत पसंद है वह है, इंग्लैंड का यॉर्क शहर। यॉर्क को उत्तर-पूर्व इंग्लैंड में दीवारों वाला शहर भी कहते हैं, जिसकी स्थापना प्राचीन रोमनों द्वारा की गई थी। यहां का इतिहास बहुत समृद्ध है। यहां की हर गली में घूमते हुए ऐसा लगता है, मानो समय कहीं पीछे चला गया और आप मध्ययुगीन काल में आ गए हों। सब खूबसूरत सपने जैसा लगता है।

यह जगह छोटी जरूर है, लेकिन बहुत खूबसूरत है। यहां पर हॉर्स रेसिंग का बड़ा शौक रहता है सबको। अगर आप भी हॉर्स रेसिंग में दिलचस्पी रखते हैं, तो यह जगह एकदम सही है। मुझे खुद यह देखना पसंद है, इसलिए भी यह शहर बहुत पसंद है। यॉर्क में सेंट पीटर का कैथेड्रल और मेट्रोपॉलिटिकल चर्च है, जिसे आमतौर पर यॉर्क मिनस्टर के रूप में जाना जाता है। यह उत्तरी यूरोप में सबसे बड़ा चर्च है। इसके अलावा ‘द शैम्बल्स’ यहां की एक पुरानी सड़क है, जिसके किनारे कई सारी लकड़ी से बनी इमारतें हैं। यहां की कुछ इमारतें तो 14वीं शताब्दी की हैं। मुझे लगता है कि पेड़-पौधे, हरियाली तो आपको कई सारी जगह मिल जाएगी, लेकिन ऐसी कुछ ऐतिहासिक रूप से समृद्ध जगहों पर एक बार जरूर जाना चाहिए। ऐसी जगहों में आप इतिहास के करीब होते हैं। हर चीज को बारीकी से समझते और परखते हैं।

वहीं अगर आप विंटेज ट्रेन, संग्रहालय आदि में दिलचस्पी रखते हैं, तो यहां का नेशनल रेलवे म्यूजियम घूमने के लिए बेहतरीन है। यह ब्रिटेन में रेल परिवहन की कहानी और समाज पर इसके प्रभाव को बताता है। हर रूप से यह एक समृद्ध और खूबसूरत शहर है। इसके अलावा यहां के व्यंजनों का भी जवाब नहीं। घूमने के साथ-साथ यहां के पारंपरिक लाजवाब व्यंजनों के तो क्या कहने। चाहे वह यहां की पुडिंग हो, अदरक वाली बीयर या यहां का स्वादिष्ट चीज। मैं तो जब भी यहां आती हूं, खाने का पूरा स्वाद लेती हूं।

फिलहाल तो 9एक्सएम पर अपने शो ‘स्टारट्रक’ में व्यस्त हूं, इस शो में भी कुछ सेलिब्रिटीज के फूड मोमेंट्स को जानेंगे। और यहां से वक्त मिलते ही, मैं एक और समृद्ध शहर की यात्रा पर जाना चाहूंगी। कुछ और ऐतिहासिक पन्नों को पढ़ना चाहूंगी।

Back to top button