आर्मी परेड डे आज जयपुर में, महल रोड बंद; चार हजार पुलिसकर्मियों के सख्त सुरक्षा व ट्रैफिक इंतजाम

जयपुर में 15 जनवरी को आयोजित आर्मी डे परेड को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। महल रोड पर यातायात बंद रहेगा और सुरक्षा के लिए 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
राजधानी जयपुर में आर्मी डे परेड की तैयारियां जोरों पर हैं। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि 15 जनवरी को जगतपुरा स्थित महल रोड पर आर्मी डे परेड का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को देखने के लिए करीब डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।
परेड के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) योगेश दाधीच ने बताया कि आर्मी डे परेड के मद्देनजर यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल के आसपास रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। साथ ही, शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात रहेगा।
परेड लाइन-अप को देखते हुए आमजन को आयोजन स्थल में सुबह 8 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। कार्यक्रम में आने वाले लोग ज्वलनशील पदार्थ या किसी भी प्रकार का हथियार अपने साथ नहीं ला सकेंगे। कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा कारणों से आयोजन स्थल के आसपास पतंग उड़ाने और ड्रोन उड़ाने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
महल रोड पर यातायात रहेगा बंद
आर्मी डे परेड की रिहर्सल, तैयारियों और मुख्य आयोजन को देखते हुए सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक महल रोड (जगतपुरा) पर सामान्य यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। हालांकि, इस मार्ग के दोनों ओर रहने वाले स्थानीय निवासी महल रोड के समानांतर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
इन चार बिंदुओं में जानें कैसी है डायवर्जन व्यवस्था
खाटूश्याम सर्किल से एनआरआई चौराहा और अक्षय पात्र की ओर जाने वाला यातायात एनआरआई चौराहे से हल्दीघाटी मार्ग और वीआईटी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
विधाणी चौराहे से बॉम्बे हॉस्पिटल और अक्षय पात्र की ओर जाने वाले वाहनों को बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे से केन्द्रीय विहार मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।
यातायात दबाव अधिक होने की स्थिति में विधाणी चौराहे से बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर जाने वाले वाहनों को महात्मा गांधी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
राणा सांगा मार्ग से अक्षय पात्र चौराहा (महल रोड) की ओर जाने वाले वाहनों को द्वारकापुरा सर्किल या गौतम बुद्ध सर्किल से समानांतर मार्गों पर भेजा जाएगा।





