आप पार्टी के सांसद ‘भगवंत मान’ पंजाब का कन्वीनर पद फिर संभालने को तैयार…

चंडीगढ़। आप सांसद भगवंत मान 30 जनवरी को पंजाब में आदमी पार्टी के कन्वीनर के तौर पर दोबारा कार्यभार संभालेंगे। आप लीडरशिप चंडीगढ़ में ताजपोशी समारोह करने जा रही है। इसमें दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के शामिल होने की संभावना है। समारोह में आप के विधायकों, कोर कमेटी सदस्यों, पार्टी की राज्य कार्यकारिणी, जिला प्रधानों और अलग-अलग विंगों के अधिकारियों को बुलाया गया है।
सूत्रों के अनुसार भगवंत मान ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ मीटिंग कर ड्रग्स मामलों में पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांगने के कारणों पर बातचीत की है। केजरीवाल ने भगवंत मान को स्पष्ट किया है कि उस समय पंजाब के एक नेता के साथ इस बारे में बातचीत की गई थी। केजरीवाल के साथ बातचीत के बाद भगवंत मान ने अध्यक्ष पद ओहदा संभालने का मन बनाया है।
पिछले साल भगवंत मान ने माफी मांगने के मुद्दे पर पार्टी के कन्वीनर के पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था। पिछले हफ्ते पार्टी की कोर कमेटी ने प्रस्ताव पास करके भगवंत मान का इस्तीफा रद करने की मांग की थी। सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान महसूस करती है कि पार्टी के पास भगवंत मान ही एक ऐसा चेहरा हैं, जो बड़ी भीड़ इकट्ठा करने की क्षमता रखता है। इसलिए उन पर दोबारा दांव खेला जा रहा है।





