आत्मनिर्भर भारत : रक्षा मंत्रालय का अहम फैसला, 101 उपकरणों के आयात पर प्रतिबंध

नई दिल्ली। पडोसी देशों से चल रही तनातनी के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को एक अहम घोषणा की है। राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा उत्पादन के स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए रक्षा मंत्रालय 101 उपकरणों पर आयात प्रतिबंध लगाएगा। इनका निर्माण अब भारत में ही होगा। आज सुबह ही रक्षा मंत्रालय ने ट्यूट कर जानकारी दी थी कि कुछ देर में रक्षा मंत्री अहम घोषणा करने वाले हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए रक्षा मंत्रालय ने 101 उपकरणों की एक सूची तैयार की है, जिसपर समय सीमा के बाद प्रतिबंध लगाया जाएगा। यह रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 05 स्तंभों अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रचर, प्रणाली, जनसांख्यिकी और मांग के आधार पर एक ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने का आह्वान किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री ने विशेष आर्थिक पैकेज की भी घोषणा की है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्रालय ने यह सूची सशस्त्र बलों, सार्वजनिक और निजी उद्योग सहित सभी हितधारकों के साथ कई दौर के परामर्श के बाद तैयार की गई है। इस दौरान भारतीय उद्योग की वर्तमान और भविष्य की क्षमताओं का आकलन भी किया गया। उन्होंने कहा है कि तीनों सेनाओं ने 260 योजनाओं के तहत इन सामानों का अप्रैल 2015 से अगस्त 2020 के बीच 3.5 लाख करोड़ रुपए का ठेका दिया। अनुमान है कि अगले 6-7 सालों में घरेलू उद्योग को लगभग चार लाख करोड़ रुपए के ठेके मिलेंगे।

रक्षा मंत्री ने कहा कि 2020 से लेकर 2024 के बीच इन 101 उपकरणों के आयात पर प्रतिबंध लागू करने की योजना है। हमारा उद्देश्य सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं के मामले में रक्षा उद्योग का विकास करना है, ताकि स्वदेशीकरण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिन 101 उपकरणों परप्रतिबंध लगाया गया है, उनमें सिर्फ आसान वस्तुएं ही शामिल नहीं हैं बल्कि उसमें कुछ उच्च तकनीक वाले हथियार सिस्टमजैसे- आर्टिलरी गन, असॉल्ट राइफलें, कोरवेट, सोनार सिस्टम, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, एलसीएच, रडार आदि भी शामिल है।

Back to top button