आज होगा OnePlus 6T लॉन्च, जानें कैसे देखें LIVE

बहुप्रतिक्षित स्मार्टफोन OnePlus 6T की ग्लोबल लॉन्चिंग आज होगी. पहले इसकी तारीख 30 अक्टूबर तय की गई थी. हालांकि, ऐपल का इवेंट भी 30 अक्टूबर को ही होने की वजह इसकी तारीख में बदलाव किया गया है. OnePlus 6T की लॉन्चिंग न्यू यॉर्क में की जाएगी.
29 अक्टूबर के इस लॉन्च के बाद 30 अक्टूबर को कंपनी भारत में इवेंट करेगी. भारत में इवेंट 8:30pm IST को होगी. उम्मीद है कि इस नए स्मार्टफोन में पुराने मॉडल की तुलना में काफी अपग्रेड्स देखने को मिलेंगे. कंपनी ने पहले ही कुछ नए फीचर्स की पुष्टि कर दी है. इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर देने की बात सामने आई है और 3.5mm हेडफोन जैक इस नए स्मार्टफोन में मौजूद नहीं होगा.
दूसरी तरफ, लीक्स की बात करें तो OnePlus 6T के सारे डिजाइन और स्पेसफिकेशन्स OnePlus 6 जैसे ही रहेंगे. इसमें क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर, 8GB तक रैम, 256GB तक स्टोरेज और बैक में डुअल रियर कैमरे का होना शामिल है. आपको बता दें कंपनी OnePlus 6T के न्यू-यॉर्क लॉन्च इवेंट की लाइव स्ट्रिमिंग YouTube पर करेगी.
फिलहाल OnePlus 6T की भारतीय कीमत के बारे में कोई साफ-साफ जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाले इवेंट में सारी खूबियां और कीमत सामने आ ही जाएगी. अमेजन इंडिया की वेबसाइट पर इस स्मार्टफोन के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है. यहां इच्छुक ग्राहक 1,000 रुपये देकर इस स्मार्टफोन के लिए बुकिंग कर सकते हैं.





