आजमगढ़: क्रैश होकर खेत में गिरा ट्रेनी एयरक्राफ्ट, प्रशिक्षु पायलट की मौत

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार सुबह एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट TB-20 क्रैश हो गया। मामला सरायमीर कस्बे से 7 किलोमीटर दूर कुसहां गांव के पास का है। इस हादसे में प्रशिक्षु पॉयलट कोर्णाक सरन (24) की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसपी सुधीर कुमार कुमार सिंह ने बताया कि मृतक पायलट के एकेडमी को सूचित कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे का कारण पता नहीं चल सका है, लेकिन मौसम का खराब होना एक वजह हो सकता है।
ये भी पढ़ें- धौलपुर रेलवे स्टेशन पर सौ फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण
सोमवार दिन में 11 बजे के करीब मौसम खराब होने के कारण तेज बारिश शुरू हो गई थी। फरीदुद्दीनपुर कोलपुर कुशहा गांव के लोगों ने बताया कि बारिश के बीच आसमान में तेज आवाज हुई तो कौतूहलवश आसमान की ओर देखे तो कांप उठे।
दरअसल, एक विमान अनियंत्रित होकर हवा में लहरा रहा था। ग्रामीण अनहोनी की आशंका में परेशान थे ही कि विमान तेजी से नीचे की ओर आते हुए खेत में जा गिरा। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो विमान मलबे में तब्दील हो चुका था। उसके कुछ दूरी पर पॉयलट का शव पड़ा मिला, जिसका कुछ हिस्सा जमीन में समाया नजर आ रहा था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रशिक्षु पॉयलट ही अकेले विमान को उड़ा रहा था। मौके से ट्रेनी पॉयलट कोर्णाक (24) का परिचयपत्र बरामद हुआ, जिसमें उनका जन्म हरियाणा के पलवल में होना दर्शाया गया है। वर्तमान पता इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान एकेडमी दर्ज है।
The post आजमगढ़: क्रैश होकर खेत में गिरा ट्रेनी एयरक्राफ्ट, प्रशिक्षु पायलट की मौत appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button