आगरा में अष्टमी पर पूजन कर कन्याओं को बांटे मास्क और सैनिटाइजर

आगरा: नवरात्र के शुभ अवसर पर बुधवार को घर-घर में अष्टमी पूजन किया गया। इस दौरान कई जगहों पर देखा गया कि लोगों ने जरुरतमंद को राशन-पानी दान दिया तो कहीं पर एक कन्या का पूजन कर भोग लगाया। सबसे खास बात यह रही कि कुछ लोगों ने कन्याओं को मास्क और सैनिटाइजर बांटा। साथ ही हाथ धोना भी सिखाया गया।
जन कल्याण स्लम सुधार सेवा समिति की ओर से सुभाष नगर गली नंबर दो में कन्या पूजन के बाद आसपास की कन्याओं और बच्चों को मास्क और सैनिटाइजर बांटा गया। अध्यक्ष रीना पटेल ने बताया कि ज्यादा लोगों को एकत्र करना सही नहीं है। सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूजन के बाद बच्चों को यह सामान दिया गया। साथ ही बच्चों को हाथ कैसे धोना है इसके बारे में बताया। रीना पटेल का कहना है कि आज नवमी पूजन पर भी वह यही करेंगी।
नेहरू नगर निवासी रीना शर्मा, अनिल शर्मा के परिवार में हवन कर पूजन किया गया। इसके बाद कालोनी के बाहर जरुरतमंद लोगों को दान दिया गया। 11 फूड पैकेट लोगों को दिए। इसी तरह से आरजी पीजी कालेज की लक्ष्मी शर्मा, मयूर विहार शास्त्रीनगर में एक-एक कन्या का पूजन किया गया।
कन्या पूजन में इस बार अधिकांश लोगों ने हवन-पूजन कर घर के मंदिर में ही भोग लगाकर जरुरतमंदों के बीच दान दिया। वहीं, सोशल साइट पर भी लोगों ने कन्या पूजन के बारे में लिखा कि केवल एक ही कन्या का पूजन कर भोग लिया। बाकी जरुरतमंदों को सामान दान में दिया।

Back to top button