आईसीसी वर्ल्ड कप-2019: में आज मेजबान इंग्लैंड का सामना कैरेबियाई तूफान से….

आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 में शुक्रवार को मेजबान इंग्लैंड का सामना साउथेम्प्टन के रोज बाउल मैदान पर वेस्टइंडीज से होगा. इंग्लैंड की टीम इस मैच में बांग्लादेश को मात देकर आ रही है, जबकि इंडीज का पिछला मैच दक्षिण अफ्रीका से था जो रद्द हो गया था. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3.00 बजे शुरू होगा. वनडे वर्ल्ड कप में दोनों के बीच अब तक 6 मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें से इंग्लैंड ने 5 बार बाजी मारी है.
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाजों को वेस्टइंडीज के खिलाफ संघर्ष करना पड़ सकता है. इंडीज के गेंदबाज फॉर्म में है. ओशाने थॉमस और शेल्डन कॉटरेल जैसे दो युवा खिलाड़ियों ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है. वहीं कप्तान जेसन होल्डर, कार्लोस ब्रेथवेट और आंद्रे रसेल के रूप में टीम के पास गेंदबाजी में अनुभव भी है.
जेसन रॉय, जो रूट, जोस बटलर, बेन स्टोक्स, कप्तान इयोन मॉर्गन के सामने यह सभी गेंदबाज कड़ी चुनौती पेश करने का दम रखते हैं. इंग्लैंड को सिर्फ इंडीज की गेंदबाजी से ही खतरा नहीं है, उसकी बल्लेबाजी भी चिंता का सबब है क्योंकि दो बार की विश्व विजेता के पास ऐसे बल्लेबाज हैं जो बड़ी तेजी से रन बना सकते हैं.





