अयोध्या में किया जाएगा रामलला के वकीलों का सम्मान, होगा भव्य समारोह का आयोजन

अयोध्या राम मंदिर और बाबरी मस्जिद मामले में रामलला विराजमान की ओर से कानूनी लड़ाई लड़ने वाले वकीलों का एक दल 23 नवंबर को अयोध्या पहुंच रहा है. विश्व हिंदू परिषद (VHP) राम मंदिर से संबंधित वकीलों का शनिवार को अभिनंदन करेगा.

अयोध्या मामले पर शीर्ष अदालत का फैसला आने के बाद विहिप शनिवार को अयोध्या के कारसेवकपुरम में शाम 3 बजे बाकायदा अभिनंदन समारोह का आयोजन कर रहा है, जिसमें राम मंदिर मामले से संबंधित वकीलों, साध्वी ऋतंभरा और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव सहित कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी.

शनिवार को जो मुख्य हस्तियां अयोध्या पहुंच रही हैं, उसमें शीर्ष अदालत में राम मंदिर पक्ष की ओर से मुकदमा लड़ने वाले वरिष्ठ वकील के परासरण, पीवी नरसिंहम, सी वैद्यनाथन, रंजीत कुमार, भाजपा नेता और वकील भूपेंद्र यादव, यूपी के एडवोकेट जनरल राघवेंद्र सिंह और साध्वी ऋतंभरा मुख्य हैं. विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा ने कहा कि कुछ लोग शुक्रवार की रात को ही अयोध्या पहुंच जाएंगे जबकि कुछ लोग शनिवार की सुबह अयोध्या पहुंचेंगे और वहां के विभिन्न स्थानों पर रुकेंगे.

 

Back to top button