BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का बड़ा बयान: कहा- भाजपा को अजेय बनाए बिना चैन से नहीं बैठूंगा


शाह ने योगी आदित्यनाथ सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार स्थितियों को ठीक कर रही है। कुछ वक्त लगेगा। सरकार और संगठन को कामकाज का ऐसा आदर्श मॉडल प्रस्तुत करना है कि नीचे तक जनता को सत्ता परिवर्तन का एहसास हो और देश व प्रदेश में बार-बार भाजपा की सरकार बने।
ये भी पढ़े: अभी-अभी: शिक्षामित्रों ने दी बड़ी धमकी, 15 अगस्त तक मांगों पर नहीं हुआ फैसला तो करेंगे धर्म परिवर्तन
तीन दिवसीय प्रवास पर लखनऊ आए शाह शनिवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय संगठन मंत्री, जिलाध्यक्षों, पार्टी से जुड़े महापौरों, मोर्चों के राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
लोकसभा चुनाव 2019 का बिगुल फूंकते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को सपा, बसपा की तरह कुछ लोगों की सरकार का मॉडल पेश नहीं करना है। भाजपा सरकार कुछ लोगों की सरकार नहीं है बल्कि प्रदेश की 22 करोड़ जनता की सरकार है।
सिस्टम में सुधार का दिख रहा असर
शाह ने कहा कि पूर्व की सरकारों में नौकरशाही का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया। सरकारें बदलते ही अफसरों के चेहरे बदल जाते थे। हम नौकरशाही के राजनीतिक इस्तेमाल के खिलाफ हैं।
हम अच्छा काम करने वाले अफसरों को मौका दे रहे हैं। इससे प्रदेश का माहौल तेजी से बदला है। सरकार ने सिस्टम में सुधार किया है, उसका असर भी दिखने लगा है। पर, नीचे तक ईमानदारी से काम होने में कुछ वक्त लगेगा।
कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही देश और प्रदेश में ये बड़ी विजय हासिल हुई है। सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल के साथ ही हम केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों और कामों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
संगठन और सरकार अपना-अपना काम करें
शाह ने कहा कि संगठन अपना काम करे। सरकार अपना काम करे। दोनों के बीच समन्वय रहे। एक-दूसरे को सुझाव देना तो ठीक है लेकिन अनावश्यक हस्तक्षेप उचित नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार, संगठन के सम्मान का ध्यान रखेगी। शाह ने सचेत किया किया कि कार्यकर्ताओं को कोई बात कहनी है तो उचित फोरम पर कहें। सरकार के कामकाज की सार्वजनिक स्थानों पर समीक्षा न करें।
मंत्री सोमवार व मंगलवार को सचिवालय में जरूर मिलेंगे
मंत्रियों से मुलाकात न होने की शिकायत पर शाह ने आश्वस्त किया कि वह सोमवार और मंगलवार को हर हाल में मंत्रियों के सचिवालय में मौजूद रहने की व्यवस्था कराएंगे। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी चाहिए कि इन दो दिनों के अलावा सचिवालय में न जाएं।
केंद्र की उपलब्धियों से ही इतनी बड़ी जीत
शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के पास नेतृत्व नहीं था। चुनाव में कोई चेहरा नहीं था। जातिगत समीकरण भी नहीं थे। इसकेबावजूद प्रदेश की जनता ने इतनी बड़ी ऐतिहासिक विजय दी। इस जीत के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और केंद्र सरकार की उपलब्धियां प्रमुख कारण हैं। जनता ने बहुत उम्मीद से भाजपा को सरकार सौंपी है। उस उम्मीद को पूरा करना सरकार और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
भ्रष्टाचार पर अंकुश
शाह ने कहा कि योगी सरकार ने भ्रष्टाचार पर भी करारी चोट की है। ठेके, पट्टे से लेकर विभागों तक में व्याप्त भ्रष्टाचार पर कड़े कदम उठाए हैं। हमारी प्राथमिकता है कानून का राज स्थापित करना और ये हम करके रहेंगे।
प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद ओम माथुर, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भी पदाधिकारियों से बातचीत की।
शिक्षामित्रों पर भी विचार
कुछ कार्यकर्ताओं ने शिक्षामित्रों की समस्या उठाई। इस पर शाह ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से सरकार अलग नहीं जा सकती। पर, संगठन और सरकार की सहानुभूति शिक्षामित्रों के साथ है। इनकी समस्या पर विचार किया जा रहा है।