अमनौर में होगा भोजपुरी साहित्य सम्मेलन का भव्य आयोजन

बिहार में नई सरकार बनने के बाद भोजपुरी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन तेज हो गया है। इसी कड़ी में सारण से भाजपा सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के पैतृक गांव अमनौर में अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन का 28वां अधिवेशन धूमधाम से आयोजित होने जा रहा है। यह दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम भोजपुरी भाषा, साहित्य और संस्कृति को समर्पित है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजय मयूख करेंगे। उन्होंने बताया कि सारण की धरती हमेशा से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और गौरवशाली रही है। यह आयोजन भोजपुरी साहित्य को नई दिशा देगा, क्योंकि देशभर से बड़े साहित्यकार, जनप्रतिनिधि और कलाकार इसमें शामिल होने वाले हैं।

दो दिवसीय अधिवेशन में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, मंत्री दिलीप जयसवाल, नितिन नवीन, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

अधिवेशन की भव्यता बढ़ाने के लिए दिल्ली के भाजपा सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, भोजपुरिया स्टार अक्षरा सिंह, प्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी सहित कई दिग्गज कलाकारों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक कृष्ण कुमार मंटू, एमएलसी डॉ. संजय मयूख और जिले के अन्य कई विधायक तथा भोजपुरी लोक कलाकार इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।

सम्मेलन के मीडिया प्रभारी शिवानुग्रह नारायण सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन का 28वां अधिवेशन अब 29 और 30 नवंबर को अमनौर में आयोजित होगा। तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। यह अधिवेशन पिछले महीने होना था, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव के कारण इसे स्थगित करना पड़ा।

26 सितंबर को अमनौर स्थित पीएम श्री उच्च विद्यालय के परिसर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में यह निर्णय लिया गया था। बैठक में अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिनमें पुस्तक प्रदर्शनी, भोजपुरी चित्रकला और सारण के पुरोधा भोजपुरी साहित्यकारों की तैलचित्र प्रदर्शनी लगाने का निर्णय शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button