अब लोगों का ये सपना हो सकता है पूरा , ब्रिटेन की महारानी दे रही हैं ये खास नौकरी,

ब्रिटिश राजघराना दुनिया के सबसे अमीर राजघरानों में से एक माना जाता है। यहां की शानो-शौकत तो देखते ही बनती है। आपको जानकर हैरानी होगी कि यहां काम करने वाले एक नौकर को भी लाखों में सैलरी दी जाती है। यही वजह है कि यहां नौकरी करने के लिए लोग तरसते हैं। हालांकि अब लोगों का ये सपना पूरा हो सकता है।

दरअसल, ब्रिटिश राजघराने को एक सोशल मीडिया मैनेजर की जरूरत है, जो ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के लिए काम करेगा। जॉब लिस्टिंग वेबसाइट का कहना है कि शाही घराने के सोशल मीडिया मैनेजर को ‘रानी की उपस्थिति को जनता की नजर में रखने और उन्हें विश्व मंच पर बनाए रखने के लिए नए तरीके खोजने होंगे’।

शाही घराने के सोशल मीडिया मैनेजर की नौकरी के लिए कैंडिडेट का वेबसाइटों के प्रबंधन और सफल डिजिटल संचार और परियोजनाओं को वितरित करने के पिछले अनुभव के साथ डिग्री स्तर तक शिक्षित होना जरूरी है। इसके अलावा कैंडिडेट के पास डिजिटल और सोशल मीडिया सामग्री बनाने और उन्हें प्रकाशित करने का भी अनुभव होना चाहिए।

रानी एलिजाबेथ के सोशल मीडिया मैनेजर को हफ्ते में पांच दिन यानी सोमवार से शुक्रवार तक 37.5 घंटे काम करना होगा। इसके लिए उसे हर साल 26 लाख 58 हजार 825 रुपये सैलरी दी जाएगी। इसके अलावा कैंडिडेट को अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।

रॉयल फैमिली के लिए अगर आपको रॉयल नौकरी करनी है तो आप 26 मई तक रॉयल घरेलू वेबसाइट पर सूचीबद्ध नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं।





