अब दुपहिया वाहन चालकों ही नहीं बल्कि सवारों को भी हेलमेट पहनना हुआ अनिवार्य…

समय दोपहर 12 बजे। गुरुनानक चौक चौराहा पर स्थित पुलिस चौकी पर सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम चल रहा था। पुलिस अधिकारी छात्रों व आम लोगों का नियमों का ज्ञान करा रहे थे। ठीक इसी समय सामने चौराहे पर दो पहिया वाहन से दो महिला सिपाही निकलीं। किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। एक ने चेहरे पर रूमाल बांध रखी थी। एक सिपाही और बिना हेलमेट के दिखाई पड़ा। इनको किसी ने रोकने की जहमत नहीं उठाई। साहब ने रोककर समझाना भी मुनासिब नहीं है। इसी तरह से नियमों को धता बताते हुए दो व चार पहिया वाहनों से लोग फर्राटा भर रहे थे। प्रदेश सरकार द्वारा लागू किए गए नए नियम का कोई असर नहीं दिखा। हर कोई अपने में मस्त था।

शुक्रवार से नई व्यवस्था लागू की गई है। अब दुपहिया वाहन चालकों ही नहीं बल्कि सवारों को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसी तरह से चार पहिया वाहन में चालक के साथ ही बगल बैठने वाले को भी सीट बेल्ट लगाना है। यदि इन नियमों की अनदेखी की जाती है तो जुर्माने की व्यवस्था की गई है। एक हजार रुपये जुर्माना लगाया जा सकता है। यह नियम जिस दिन प्रभावी किया गया, उसी दिन पुलिस विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया है। इन सबका किसी पर असर नहीं दिख रहा था। कारण ऐसे आयोजनों में जन भागीदारी भी ना के बराबर दिखती है। कुछेक बाइक सवार अपवाद स्वरूप हेलमेट लगाकर आवागमन करते दिखे। औरों को भी इनसे सीख लेनी चाहिए।

सप्ताह में दो दिन चलाते हैं अभियान

-वाहनों की चेकिग की जाती है। सप्ताह में दो दिन दो व चार पहिया वाहनों की विशेष रूप से चेकिग की जाती है। मनमानी करने वालों पर जुर्माना लगाया जाता है। आगे भी अभियान जारी रहेगा।

– राजेश मौर्य, एआरटीओ। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसी दौरान नए नियम का प्रभावी अनुपालन भी कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

महेंद्र कुमार, एएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button