अब आवाज के जरिए किया जाएगा आपका कोरोना टेस्‍ट? महाराष्‍ट्र सरकार ने दी जानकारी

मुंबई। भारत में जिस हिसाब से कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं, उसी हिसाब से भारत अपनी टेस्‍ट क्षमता को भी मजबूत करता जा रहा है। इसको लेकर स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में रिकार्ड सात लाख कोरोना टेस्ट किए गए हैं। वहीं अब खबर है कि महाराष्ट्र में कोरोना टेस्ट वॉयस सैंपल से करने की कोशिश की जा रही है।

दरअसल महाराष्ट्र के मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और मंत्री आदित्य ठाकरे ने रविवार को ट्वीट कर बताया कि बीएमसी आवाज के नमूनों का उपयोग करके आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस आधारित कोविड-19 का पता लगाने के लिए पायलट प्रोजेक्‍ट करेगा।

बीएमसी का ये प्रोजेक्ट अगले हफ्ते शुरू होने जा रहा है, जिसमें 1000 मरीजों को कोविड टेस्ट नेस्‍को ग्राउंड, गोरेगांव में किया जाएगा। ऐसे वॉयस बेस्ड ऐप्‍स का टेस्‍ट दुनियाभर में किया जा रहा है। आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस आधारित प्रोजेक्ट में कोरोना के संदिग्ध मरीज को एक सेलफोन या कंप्यूटर में बोलने के लिए कहा जाएगा, जिसमें पहले से वॉयस एनालिसिस एप अपलोड हो। इसके अलावा मरीज के जरूरी पैरामीटर्स की जानकारी भी ली जाएगी।

इसके बाद वॉयस सैंपल का एनेलिसिस एप के द्वारा किया जाएगा। दरअसल इस सैंपल की तुलना एक ऐसे व्यक्ति की आवाज से की जाएगी जो कोविड संक्रमित न हो। इस एप में पहले से ही ऐसी हजारों आवाज अपलोड होंगी। इस प्रक्रिया को करने में ये एप 30 सेंकेंड का समय लेगा। आपको बता दें कि शनिवार को महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 12,822 नए मरीज सामने आए हैं। जिसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 5 लाख के पार हो गए हैं। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण से अबतक 17,367 लोगों की मौत हो चुकी है।

Back to top button