अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया,गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

तापमान में इजाफे के साथ ही गर्मी बढ़ने से पेयजल का संकट बढ़ता जा रहा है। तालाब व अन्य जलस्त्रोत सूखने से पशु-पक्षियों की मुसीबत बढ़ गई है। हवाओं की सुस्ती से जहां उमस बढ़ गई है, वहीं राहगीरों को भी पानी की सुविधा न मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
गुरुवार को सुबह से ही गर्मी का असर तेज रहा। हवाओं की रफ्तार कम होने से उमस बढ़ गई। तेज धूप होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था न होने से राहगीरों को दिक्कतें हुईं। दोपहर में हवा की रफ्तार बढ़ गई, गर्म हवाओं के चलने से सड़कों पर चहल-पहल कम दिखी। शाम होने पर लोगों को धूप से थोड़ी राहत मिली। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों द्वारा तालाब में पानी भरवाया जा रहा है। लाल बहादुर शास्त्री कृषि विज्ञान केंद्र गोपालाग्राम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. उपेंद्रनाथ सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 46 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा 27.5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। धूप का असर तेज होने से लू का खतरा बढ़ गया है।





