अखिलेश यादव ने कहा: सपा-बसपा का गठबंधन हर हाल में होगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन को लेकर जारी तमाम अनुमानों के बीच आज सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का बसपा से गठबंधन हर हाल में होगा। इसकी घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। सपा-बसपा का गठबंधन इन दोनों दलों के अलावा आम जनता के लिए भी खुशखबरी से कम नहीं होगा। वह रविवार को सैफई पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
इतना ही नही बल्कि सैफई में परिवारीजनों से मिलने के बाद पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। नेताओं से लोकसभा चुनाव की बाबत बातचीत की और टिप्स दिए। इस दौरान पूर्व सीएम ने इंटरमीडिएट में इटावा टॉप करने वाली वीरप्रताप सिंह की पुत्री शाम्भवी चौहान और औरेया जिला टॉप करने वाली छात्रा आर्या त्रिपाठी के न आने पर उसके पिता सुधीर त्रिपाठी को लैपटॉप दिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव सपा-बसपा मिलकर साथ लडेंग़ी। दोनों के गठबंधन की जल्द घोषणा कर दी जाएगी। शिवपाल सिंह यादव की नई पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
इसके साथ ही सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि भाजपा अपने सभी वादे भूल बैठी है। यहां तक कि मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने का वादा भी नहीं निभाया, जबकि सपा सरकार में न होते हुए भी मेधावियों को आज भी लैपटॉप बांट रही है।
वहीं उन्होंने अपनी सरकार के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे सबसे बड़ा काम है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह कह रहे हैं कि राम मंदिर मुद्दे पर न्यायाधीश जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए फैसला करें लेकिन सपा ने हमेशा अदालत के हर निर्णय का सम्मान किया है।

Back to top button