अखिलेश यादव का रास्‍ता रोकने वाले 2 अफसरों को मिली जान से मारने की धमकी

प्रयागराज जा रहे सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव का लखनऊ में रास्‍ता रोकने वाले एडीएम सिटी पूर्व वैभव मिश्रा और एक सर्किल ऑफीसर को अब सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिल रही है. दोनों अफसरों को यह धमकी फेसबुक पर दी गई है. इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है.अखिलेश यादव का रास्‍ता रोकने वाले 2 अफसरों को मिली जान से मारने की धमकी

फेसबुक पर एडीएम सिटी पूर्व और सीओ की फोटो को टैग करके हय धमकी दी गई है. फेसबुक पर अपशब्द लिखकर कहा गया है, ‘इन दो अफसरों का तो पक्का मर्डर होगा.’ इसके बाद लखनऊ के जिलाधिकारी ने एसएसपी से एडीएम को सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं. बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को दावा किया था कि उन्हें लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर उड़ान भरने से रोक दिया गया जिस कारण वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों के एक कार्यक्रम में भाग लेने नहीं जा सके.

सपा अध्यक्ष ने सुबह 09:41 बजे पर ट्वीट किया था, ‘‘एक छात्र नेता के शपथ ग्रहण कार्यक्रम से सरकार इतनी डर रही है कि मुझे लखनऊ हवाई-अड्डे पर रोका जा रहा है!’’ इस घटना के बाद सपा विधायकों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने राज्य विधानसभा और परिषद सहित सड़कों पर भी हंगामा किया था. हंगामे के कारण विधानसभा और विधानपरिषद की कार्यवाही क्रमश: 20 और 25 मिनट के लिये स्थगित करनी पड़ी थी.

विभिन्न ट्वीट के साथ तस्वीरें साझा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा था, ‘‘बिना किसी लिखित आदेश के मुझे एयरपोर्ट पर रोका गया. पूछने पर भी स्थिति साफ करने में अधिकारी विफल रहे. छात्र संघ कार्यक्रम में जाने से रोकने का एक मात्र मकसद युवाओं के बीच समाजवादी विचारों और आवाज को दबाना है.’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों के शपथ ग्रहण समारोह में जाना चाहते थे लेकिन उनके विमान को उड़ने नहीं दिया गया. 

Back to top button