अखिलेश यादव का देश के नाम खुला खतः देश को बर्बाद करना चाहते ढाई आदमी

पश्चिम बंगाल के घटनाक्रम को केंद्र में रखते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी भारतीयों के नाम खुला खत जारी किया है। उन्होंने कहा है कि देश को ढाई आदमी (टू एंड हाफ) और मीडिया बर्बाद करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने इन ढाई आदमियों के नाम का जिक्र नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और वित्त मंत्री अरुण जेटली की ओर है। उन्होंने यह पत्र ट्वीट भी किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने सभी भारतीयों को संबोधित करते हुए लिखा है- इस देश का एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारे लोकतंत्रात्मक गणराज्य की रक्षा करना मेरा भी कर्तव्य है। आज बंगाल पर जो हमला हुआ है, वह सिर्फ हमारे मूल्यों पर ही नहीं बल्कि हमारे संविधान के निर्माताओं पर भी हमला है। भाजपा और आरएसएस ने हमेशा संविधान का विरोध किया है।
उन्होंने लिखा है कि भाजपा हमारी संप्रभुता, हमारे प्राकृतिक संसाधन और हमारे युवाओं को चंद उद्योगपतियों के हाथों बेच रही है। ये वही उद्योगपति हैं, जो भाजपा को फंडिंग करते हैैं और बदले में सरकार उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए नीतियां बनाती है। उन्होंने भाजपा के आइटी सेल को इंटरनेट टेररिस्ट सेल का दर्जा देते हुए कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग इस डर के साये में जी रहा है कि कहीं वह मॉब लिंचिंग (उन्मादी हिंसा) का शिकार न बन जाए।
अखिलेश ने लिखा है कि पिछले 24 घंटों में यह साफ हो गया है कि भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। इनका फॉर्मूला साफ है। जो लोग इनके साथ नहीं है, उनको सीबीआइ के चक्कर में फंसाओ, उन पर देशद्रोह का आरोप लगाओ। ऐसा करने के पीछे इनकी मंशा पचास साल तक राज करने की है। ममता बनर्जी पर हमला करके ये ढाई आदमी शायद अपने अतीत को भूल गए हैं। ये वो महिला हैं जिन्हें ज्योति बसु के ऑफिस से बाल पकड़कर बाहर निकाला गया था क्योंकि वह एक बलात्कारी को जेल भेजने की मांग कर रही थीं। ये वो महिला हैं जिन्होंने बंगाल से कम्युनिस्ट पार्टी को उखाड़ फेंका।





