अखिलेश ने की आज रात 9 बजे 9 मिनट के लिए बिजली बंद करने की अपील

लखनऊ। विपक्षी दल बढ़ती बेरोजगारी को मुद्दा बनाते हुए भाजपा को घेरने में जुटे हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोगों से आज रात 9 बजे 9 मिनट के लिए घरों की बिजली बंद करने की अपील की है। पीएम मोदी ने देशवासियों से गत पांच अप्रैल को रात नौ बजे नौ मिनट के लिए अपने घरों की लाइट बंद करने की अपील की थी।
अखिलेश ने बुधवार को युवाओं का आह्वान करते हुए ट्वीट किया, ‘मुट्ठियां जब बंध जाती हैं नवजवानों की, नींद उड़ जाती है ‘जुल्मी हुक्मरानों की’। उन्होंने कहा कि आइए युवाओं व उनके परिवार की बेरोजगारी-बेकारी के इस अंधेरे में हम आज रात 9 बजे, 9 मिनट के लिए बत्तियां बुझाकर क्रांति की मशाल जलाएं, उनकी आवाज में आवाज मिलाएं।’
उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी लगातार बेरोजगारी और युवाओं के अन्य मुद्दों को लेकर सरकार पर हमलावर बनी हुई है। अखिलेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में प्रदेश को देश में दूसरा स्थान मिलने पर भी सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने अनियोजित लाॅकडाउन और गलत आर्थिक नीतियों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा है। नीट-जेईई परीक्षा के आयोजन को लेकर भी पार्टी ने प्रदेश में प्रदर्शन किया। इससे पहले पार्टी की युवा इकाई बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में थाली बजाकर भी प्रदर्शन कर चुकी है।
The post अखिलेश ने की आज रात 9 बजे 9 मिनट के लिए बिजली बंद करने की अपील appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





