होली पर मेहमानों को क्या खिलाएं? शेफ से जानें झटपट बनने वाले ‘सिंगल-बाइट’ स्नैक्स की रेसिपी

होली रंग, उल्लास और आपसी मेल-मिलाप का त्योहार है। इस दिन मिलने आने वालों के पास ज्यादा देर बैठने का समय नहीं होता। ऐसे में सवाल यह है कि मेहमाननवाजी भी हो जाए और झंझट भी न बढ़े, तो क्या बनाया जाए?

शेफ स्नेहा सड़किया बता रही हैं ऐसे आसान और सिंगल- बाइट स्नैक्स के बारे में, जिन्हें बनाना भी आसान है और खाना भी। आप इन चीजों को पहले से बनाकर रख सकती हैं और मौका आने पर सर्व कर सकती हैं।

क्रिस्पी चीज कार्न बॉल
स्वादिष्ट और कुरकुरे चीज बाल्स बनाने के लिए तीन से चार उबले हुए आलू मैश कर लें। उसमें कस किया गाय पनीर या चीज डालें। फिर मसाले, कार्नफ्लोर और नमक मिलाएं। मिश्रण की गोलियाँ बनाकर उनके बीच में चीज स्टफ करें और ब्रेड क्रम्ब्स में लपेटकर धीमी आंच पर फ्राइ करें।

मसाला पनीर टिक्का
पनीर टिक्का हर पार्टी की जान होते हैं। बच्चे हों या बड़े, सब इसे खाना पसंद करते हैं। इसे बनाने के लिए पहले कटोरी में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और नींबू का रस लेकर मिला लें। उसके बाद पनीर के टुकड़ों को उसमें दो से तीन घंटे के लिए मैरिनेट होने के लिए छोड़ दें। फिर इसे तंदूरी या ओवन में पका लें।

मिनी समोसा
मिनी समोसा खाने में स्वादिष्ट और बनाने में बहुत ही आसान हैं। कई लोग आलू के समोसे से परहेज करते हैं तो उनके लिए पनीर एक बेहतरीन विकल्प है।

बाइट साइज कबाब
काले चने, सोयाबीन, छोले आदि से कई तरह के कबाब बनते हैं। पहले इन चीजों को उबालकर मैश कर लें और फिर सभी मसाले मिला लें। इसके बाद इन्हें गोल आकार देकर बेक करें या फिर तवे पर हल्का फ्राइ भी कर सकते हैं। हाथों पर रंग लगा हो तो इसे टुथपिक से उठाकर सिंगल बाइट मैं खाना बहुत आसान है।

गोभी कचूमर फ्राइ
गोभी के टुकड़ों को पहले बेसन में लपेटकर फ्राइ कर लें और फिर इन्हें किसी प्लेट से क्रश करें। इसके बाद फिर से इन्हें डीप फ्राई करें और हरी चटनी के साथ सर्व करें। ये कुरकुरे होते हैं कि खाने में टेस्टी लगते हैं।

दही पुचका
दही पुचका बनाना जितना आसान है, खाना भी उतना ही सहज है। पुचका के अंदर दही आलू या चने के टुकड़े, खट्टी मीठी चटनी डालें। एक सिंगल पुचका उठाकर आसानी से खाया जा सकता है।

चीज स्नैक्स
चीज स्नैक्स बच्चों की पसंदीदा नमकीन में से एक है। इसे बनाना भी आसान है। इसके लिए कोई भी नमकीन बिस्किट लें और उसके ऊपर चीज के टुकड़े और थोड़ा-सा चाट मसाला छिड़कें।

जीरा फुलकी पानी
गर्मियों ने दस्तक दे दी है, ऐसे में जीरा फुलकी पानी होली पर एक ताजा ड्रिंक का बेहतरीन विकल्प हो सकता है। आप चाहें तो उसमें मूंग दाल की फुलकियां बनाकर डाल सकते हैं। पानी पीने के बाद फुलकी मुंह में आने से टेस्ट बढ़ जाता है।

Back to top button