होली खेलने से पहले बालों में तेल लगाना सही है या नहीं?

होली खुशियों और रंगों का त्योहार है, लेकिन यही रंग आपके बालों के लिए मुसीबत भी बन सकते हैं। इसलिए कई लोग मानते हैं कि होली से पहले बालों में तेल लगाना चाहिए। वहीं कुछ का कहना होता कि ऐसा करना नुकसानदेह हो सकता है।
अगर आप भी इसी उलझन में फंसे हैं कि होली खेलने से पहले बालों में तेल लगाना फायदेमंद है या नहीं, तो आइए डॉ. चांदनी जैन गुप्ता (डर्मेटोलॉजिस्ट, एलांटिस हेल्थकेयर, नई दिल्ली) से जानते हैं इस सवाल का सही जवाब।
क्या तेल लगाना सच में मददगार है?
डॉ. चांदनी बताती हैं कि होली खेलने बाहर निकलने से पहले बालों में तेल लगाना असल में बहुत मददगार साबित होता है। होली के आर्टिफिशियल रंग, सूरज की तेज रोशनी और बाद में बालों को बार-बार धोना, ये सभी चीजें आपके बालों को बुरी तरह ड्राई और डैमेज कर सकती हैं। ऐसे में तेल एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है।
बालों में तेल लगाने के फायदे
जब आप अपने बालों और स्कैल्प पर नारियल या बादाम का तेल लगाते हैं, तो यह बालों की सतह पर एक सुरक्षात्मक परत बना देता है, जिसके कई फायदे हैं, जैसे-
रंगों से बचाव- यह परत केमिकल वाले रंगों को सीधे बालों के संपर्क में आने से रोकती है। इससे बाद में रंगों को धोना बहुत आसान हो जाता है।
रूखेपन से सुरक्षा- तेल होली के आर्टिफिशियल रंगों और धूप के कारण होने वाले ड्राईनेस, फ्रिजिनेस और बालों के टूटने की समस्या को रोकता है।
खुजली में राहत- स्कैल्प पर हल्के हाथों से तेल की मालिश करने से रंगों के कारण होने वाली जलन और खुजली की संभावना कम हो जाती है।
इन बातों का ध्यान रखना भी है जरूरी
हालांकि, तेल लगाना अच्छा है, लेकिन इसकी मात्रा का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। जरूरत से ज्यादा तेल लगाने से आपके बाल बहुत चिपचिपे हो सकते हैं। ज्यादा तेल धूल, मिट्टी और रंग के कणों को अपनी ओर ज्यादा आकर्षित करता है, जिससे बालों को साफ करना और भी मुश्किल हो जाता है। इसलिए, तेल की संतुलित मात्रा का ही इस्तेमाल करें और तेल लगाने के बाद बालों को अच्छे से बांध लें।
होली के बाद की देखभाल
होली खेलने के बाद बालों की खोई हुई नमी वापस लौटाना जरूरी है। होली के बाद बालों को किसी माइल्ड शैम्पू से धोएं। इसके बाद कंडीशनर या हेयर मास्क का इस्तेमाल जरूर करें। यह आपके बालों की नमी को फिर से लॉक करने में मदद करेगा।





