हापुड़: शहीद मेजर आशाराम त्यागी की प्रतिमा का हुआ अनावरण

हापुड़। जनपद हापुड़ के धनौरा गांव में बुधवार को शहीद मेजर आशाराम त्यागी की प्रतिमा का अनावरण व उनके नाम पर बने द्वार का उद्घाटन मुख्य अतिथि रिटायर्ड कर्नल अमर सिंह द्वारा किया गया। प्रतिमा व द्वार गांव निवासी रिटायर्ड कर्नल ब्रज भूषण त्यागी द्वारा बनवाया गया है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए रिटायर्ड कर्नल अमर सिंह ने कहा कि शहीद मेजर आशाराम त्यागी गाजियाबाद जनपद के मोदीनगर स्थित फतेहपुर गांव में एक साधारण किसान के यहां जन्मे। आपका जन्म 2 जनवरी 1939 को किसान सगवा सिंह के यहां हुआ। यही आपने अपनी शिक्षा प्राप्त की और सेना में भर्ती हुए।
25 सितंबर 1965 में पाकिस्तान सेना को करारा जवाब देते हुए आप शहीद हो गए। मरणोपरांत आपको महावीर चक्र के सम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर शहीद मेजर आशाराम त्यागी के भाई श्यामसुंदर त्यागी व पुरुषोत्तम त्यागी व उनके परिवार के लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विद्यायक विजयपाल आढ़ती व भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता महावीर त्यागी व संचालन अनुज त्यागी ने किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व विधायक गजराज सिंह, भाजपा जिला महासचिव श्यामेन्द्र त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेश त्यागी, पूर्व प्रधान अमर सिंह, सैनिक संस्था के जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र त्यागी, भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष दिनेश त्यागी, उपाध्यक्ष सचिन त्यागी, प्रधानपति योगेश्वर त्यागी सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





