हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से बाइक में लग गई आग, कुछ देर थमा रहा यातायात

रनियां में हाईवे पर बुधवार की सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से बाइक में आग लग गई। जोरदार टक्कर से बाइक पर सवार युवक उछलकर दूर जा गिरे। हादसा होने पर हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात थम गया। दमकल के पहुंचने से पहले बाइक पूरी तरह जल गई।
बर्रा कानपुर निवासी रामजी कटियार कानपुर देहात सिविल कोर्ट में अमीन के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार सुबह करीब दस बजे रनियां में पेट्रोल पंप से वह जैसे ही हाईवे पर चढ़े तो कानपुर की ओर से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। ठोकर लगते ही वह उछल कर दूर जा गिरे और कार में फंसकर बाइक घसिटती हुई काफी दूरी तक चली गई। डिवाइडर से टकराने पर कार रुक गई और बाइक में आग लग गई। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात थम गया।
क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल बुलाई। करीब 15 मिनट में पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन इससे पहले बाइक जल चुकी थी। हादसे में कार चालक नीलेंद्र सिंह को भी हल्की चोटें आई हैं, वहीं रामजी कटियार को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। रनियां चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को चौकी में खड़ा कराया गया है। हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है।





