हरियाणा में और बढ़ने वाली है ठंड, जानें कब होगी बूंदाबांदी…

चंडीगढ़ : नए साल की शुरुआत के साथ ही सर्दी और कोहरे का डबल अटैक भी शुरु हो गया है। हरियाणा कड़ाके की ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग ने 9 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। अभी पूरे सप्ताह कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। विभिन्न जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

बता दें कि करनाल, हिसार, जींद में घने कोहरे के साथ ही शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद में सिर्फ घना कोहरा छाएगा। अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के लिहाज से अगले पांच दिन सूबे पर भारी पड़ने वाले हैं।

जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में आने वाले पांच दिनों में कोल्ड डे, कोहरा व पाला जमने की स्थिति देखने को मिलेगी। 7 जनवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ठंड से आंशिक राहत मिलने के भी आसार हैं। 8 व 9 जनवरी के दौरान मौसम में बदलाव और तापमान में उतार चढ़ाव आएगा और सीमित स्थानों पर बूंदाबांदी की भी संभावना है।

Back to top button