स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने मिडिल क्लास के लिए किये गए इन फैसलों का किया जिक्र…

कोरोना संकट के बीच देश 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया. इसके साथ ही देश को संबोधित भी किया.

इस दौरान पीएम मोदी ने मिडिल क्लास के लिए किए गए कुछ अहम फैसलों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि सरकार ने मिडिल क्लास के लिए अब तक क्या कुछ किया है.
पीएम मोदी ने कहा कि ये पहली बार हुआ है जब अपने घर के लिए होम लोन की EMI पर भुगतान अवधि के दौरान 6 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है. आपको बता दें कि सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम (CLSS) लॉन्च की गई थी. इस योजना के तहत आप होम लोन पर सब्सिडी ले सकते हैं. इसकी डेडलाइन 31 मार्च 2021 तक की है.
पीएम मोदी ने कहा कि अभी पिछले वर्ष ही हजारों अधूरे घरों को पूरा करने के लिए 25 हजार करोड़ रुपये के फंड का ऐलान हुआ है.
आपको बता दें कि सरकार रियल एस्टेट में अटके प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए ये फंड दे रही है. इसके जरिए लंबे समय से घर का इंतजार कर रहे खरीदार को जल्द हैंडओवर किए जाने का लक्ष्य है.
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मध्यम वर्ग को सरकारी दखलअंदाजी से मुक्ति चाहिए. दरअसल, पीएम मोदी ने हाल ही में इनकम टैक्स को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं.





