सोशल साइट उमा भारती पर अभद्र टिपप्णी, मुकदमा दर्ज…

केंद्रीय जल संसाधन और नदी विकास मंत्री साध्वी उमा भारती के खिलाफ फेसबुक और व्हाट्सएप पर अभद्र टिप्पणी करने पर बिठूर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंत्री के बिठूर दौरे के बाद युवकों ने सोशल साइट पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट डाली थी। मामले की जांच साइबर सेल और क्राइम ब्रांच के अलावा नवाबगंज थाने के इंस्पेक्टर को सौंपी गई।

4 जून को गंगा दशहरा पर केन्द्रीय मंत्री साध्वी उमा भारती ने बिठूर गंगा स्नान करने के साथ ही पूजन किया था। कुछ फोटोग्राफ व्हाट्सएप ग्रुपों और फेसबुक पर पोस्ट किए गए। बिठूर रमेलनगर के रोहित यादव व राकेश यादव ने भी फोटो पोस्ट करने के साथ अभद्र और भड़काऊ टिप्पणियां लिखीं। इसमें उन्होंने कुछ जगहों पर अपशब्द का भी इस्तेमाल किया।
इसे लेकर सूबेदार नगर बिठूर निवासी के सिद्धनाथ के बेटे अभिनव ने बिठूर थाने में तहरीर दी। तहरीर के सोशल मीडिया पर वायरल की गई पोस्ट के स्क्रीनशाट की फोटोकापी भी पुलिस को दी।
बिठूर एसओ धीरेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि दोनों के खिलाफ 66ए आईटीएक्ट, 504 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच नवाबगंज इस्पेक्टर को सौंपी गई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी गई थी लेकिन दोनों घर पर नहीं मिले।





