सेना भर्ती की लिखित परीक्षा में सैन्य अधिकारियों ने हाईटेक सॉल्वर गैंग का किया पर्दाफाश

राजपूत रेजीमेंट सेंटर में सेना भर्ती की लिखित परीक्षा में सैन्य अधिकारियों ने हाईटेक सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश किया है। एक परीक्षार्थी को पकडऩे के बाद पुलिस की मदद से पास के होटल से राजस्थान के एक कोचिंग संचालक समेत कई सदस्यों की गिरफ्तारी की गई है। उनके पास से कई उपकरण, मोबाइल फोन, ब्लूटुथ डिवाइस आदि बरामद किए गए हैं। ये गिरोह बड़े शातिर ढंग से परीक्षार्थी के संपर्क में रहता था और लाखों रुपये के पैकेज पर सौदा करता था।

कान में फिट था छोटा स्पीकर

राजस्थान के जयपुर थाना सुंदरपुर क्षेत्र के कोटपुतली निवासी राजवीर पुत्र जगदीश प्रसाद रविवार को परीक्षा देने के लिए यहां राजपूत रेजीमेंट में आया था। परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी धीरे-धीरे बुदबुदाते देख अधिकारी को शक हो गया तो कपड़े उतरवाकर तलाशी ली गई। पहले तो कुछ नहीं समझ में आया लेकिन जब ध्यान दिया तो बनियान में पतले तार से जुड़ा माइक मिला और उसी तार से जुड़ा छोटा सा स्पीकर कान के अंदर मिला। यह देखकर मौजूद परीक्षक भी सन्न रह गए।

पूछताछ में उगला सच

सैन्य अधिकारियों ने राजवीर से एकांत में गहनता से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। उसकी निशानदेही पर फतेहगढ़ के एक होटल से साथी सॉल्वरों को पकड़ लिया। इसमें राजस्थान के जिला अलवर थाना बानसूर क्षेत्र के ईसरा का बाग निवासी प्रबल गुर्जर व उसके सात छह साथी शामिल हैं। प्रबल ने बताया कि वह राजस्थान में कोचिंग सेंटर चलाता है बाकी उसके स्टूडेंट हैं। वह राजवीर को परीक्षा दिलाने आया था। उनके कब्जे से ब्लूटुथ डिवाइस, मोबाइल फोन समेत कई उपकरण बरामद किए गए हैं।

साढ़े तीन लाख का पैकेज

राजवीर ने बताया कि कोचिंग संचालक जा प्रबल से साढ़े तीन लाख का पैकेज तय हुआ था। दौड़ में पास होने वाले अभ्यर्थियों से ही प्रबल डील करते थे। इसमें फिजिकल, मेडिकल और लिखित परीक्षा का ठेका होता है। सॉल्वर गैंग परीक्षा में पास कराने की गारंटी देकर अभ्यर्थियों को फंसाते थे। उसने पूरी रकम अदा की थी और साथ में यहां पर परीक्षा देने आया था। कई छात्र उसके संपर्क में हैं और उसने कई को पास कराने की बात कही थी।

Back to top button