साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा-पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लोकसभा चुनाव में हार से बौखला गई…

सपा-बसपा का गठबंधन स्वार्थ पर टिका है। चुनाव से पहले जब गठबंधन की नींव पड़ी थी तभी तय हो गया था कि इसकी उम्र लंबी नहीं है। गठबंधन बेमेल था, इसलिए तलाक तो होना ही है। ये बातें केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने दैनिक जागरण से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लोकसभा चुनाव में हार से बौखला गई हैं। उन्हें अब सत्ता जाती दिख रही है, इसलिए भगवान श्रीराम का नाम लेने वालों को गिरफ्तार करवा रही हैं। यह प्रजातांत्रिक देश है, यहां सभी को बोलने की आजादी है, लेकिन भगवान का नाम लेने पर भी रोक लगाना यह साबित करता है कि ममता बनर्जी अब हार की खीझ निकाल रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो जिम्मेदारी दी है, उसका निर्वहन पूरी तन्मयता से करुंगी। गांवों का विकास तेजी से होगा। गांव और गरीब का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता का विषय है, इसलिए मेरी जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। गांव और किसानों के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करूंगी। ग्रामीण विकास की योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से किया जाएगा। मंत्री बनने के बाद पहली बार शहर पहुंची केंद्रीय मंत्री का सेंट्रल स्टेशन पर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई, सुरेश अवस्थी, कमल तिवारी, भानु प्रताप सिंह, विवेक शर्मा, राजेंद्र चौहान आदि ने स्वागत किया।





