चौके और छक्कों की बरसात से क्रिकेट का मुकाबला रोमांचक बनाने वाले गौतम गंभीर चुनावी मैदान में खासे आक्रमक नजर आ रहे हैं। प्रचार के शुरुआती दिनों में शांत दिखने वाले पूर्व क्रिकेटर कहते हैं, दिल्ली के लिए लड़ने का दावा करने वाले 15 दिन के इस नेता की एक चुनौती से ही डर गए।

सवाल-आप क्रिकेट से सीधे चुनाव के मैदान पर हैं, लेकिन लोग जानना चाहते हैं कि वो आप पर भरोसा क्यों करे?
जवाब-मैं जो काम करता हूं उसमें 100 फीसदी देता हूं। जो वक्त मैंने क्रिकेट में दिया है उसमें आप मेरा रिकॉर्ड देख सकते हैं कि मैंने पूरी ईमानदारी से साथ जो जिम्मेदारी मिली वो निभाई है। मैं लोगों के बीच उतरकर परिवर्तन करने पर यकीन रखता हूं। जाहिर है इसलिए मैं भरोसे के काबिल हूं।
सवाल- राजनीति में आए आपको करीब-करीब 15 दिन हो चुके हैं, क्या अनुभव करते हैं?
जवाब- मैं राजनीति में निश्चित तौर पर नया हूं पर 15 दिनों में मुझे पूर्वी दिल्ली क्षेत्र को और अच्छे से जानने का मौका मिला है। रोज करीब दो रोड शो और 5 से ज्यादा जनसभाएं कर रहा हूं। मेरी आदत है जो काम हाथ में लेता हूं उसे पूरी शिद्दत से करता हूं। इसलिए पूर्वी दिल्ली का विकास कराकर ही रहूंगा, यकीन कीजिए।
सवाल-आपने कहा था कि डरते तो पाकिस्तान से भी नहीं है? क्या आप पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रवाद को मुद्दा मानते हैं?
जवाब-हां मैंने कहा था। यह बात मैंने उन लोगों के लिए कही, जो सोशल मीडिया पर कहते हैं कि गौतम गंभीर उनकी चुनौती से डर गया। मैंने उसी मंच से दिनभर सोशल मीडिया पर बोलने वालों को खुली चुनौती भी दी थी और कहा था कि जनता के बीच मंच पर बहस के लिए आगे आएं। राष्ट्रवाद हर भारतीय के लिए मुद्दा है फिलहाल पूर्वी दिल्ली के लिए मैंने सिर्फ मूलभूत मुद्दों पर वही वादे किए हैं, जिन्हें पूरा कर सकूंगा, ये बात जनता जानती है।
सवाल-आपने अभी कहा कि बहस के लिए विपक्ष को न्यौता दिया था, तो क्या कोई प्रतिक्रिया मिली?
जवाब-आप इसका जवाब जानते हैं। कमरों में बैठकर झूठ फैलाने वाले कभी सच का सामना नहीं कर सकते। साढ़े चार वर्ष में दिल्ली की जनता के साथ जो खिलवाड़ हुआ है, उसे मैं बयान नहीं कर सकता।
सवाल-आप हर सभा में वादा कर रहे हैं कि दिल्ली वालों को साफ पानी और हवा देंगे, लेकिन कैसे?
जवाब-दिल्लीवालों को साफ पानी और शुद्ध हवा मिले ये मेरी प्राथमिकता में सबसे ऊपर है। मेरी कोशिश रहेगी कि मेरे क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता इतनी बेहतर हो कि वो सीधे नल से पीने लायक हो, वॉटर प्यूरिफायर की जरूरत ना पड़े। इसी तरह बच्चे, युवा और बुजुर्गों को शुद्ध हवा जरूरी है। साफ और स्वस्थ दिल्ली मेरी प्राथमिकता है।
सवाल-आप जिस क्षेत्र से प्रत्याशी हैं, वहां की नगर निगम लंबे समय से बजट की कमी झेल रही है। जबकि आपके क्षेत्र के अधिकांश विकास इसी के भरोसे माने जाते हैं?
जवाब- देखिए, सरकार के स्तर पर जो कोशिशें की जाएंगी, उसके बारे में उसी वक्त तय करेंगे। लेकिन मेरी कोशिश होगी कि सभी विभागों को समन्वय बैठाकर समय सीमा के साथ लक्ष्य बनाएंगे और फिर उनके लिए फंड और अमल में आने वाली दिक्कतों का ईमानदारी से हल निकालने की कोशिश करेंगे।
सवाल-एक सवाल विपक्ष की जुबान पर है कि आप सेलिब्रिटी हैं। बॉलीवुड से लेकर क्रिकेट तक सेलिब्रिटी का राजनीति और जनता के बीच अनुभव भी ठीक नहीं रहा है?
जवाब- मैं सेलिब्रिटी हूं लेकिन उससे पहले दिल्लीवाला हूं। मेरा बचपन और जवानी दिल्ली में बीती है और पूरी दिल्ली को बहुत अच्छे से जानता हूं। यहां की दिक्कतें समझता हूं यहां के लोगों को समझता हूं। पूर्वी दिल्ली मेरी कर्मभूमि रही है। मेरे पिता 40 सालों से यहां कारोबार कर रहे हैं।
सवाल-आपकी ही जनसभा में कई लोगों ने सवाल किया है कि अगर आप सांसद बनते हैं तो उनकी परेशानियों को कैसे दूर करेंगे? पूर्वी दिल्ली के लोग आपसे कैसे संपर्क कर सकेंगे?
जवाब- बिलकुल पूरा सिस्टम बनाया जाएगा। पूर्वी दिल्ली वालों की परेशानी और दिक्कतें मुझ तक पहुंचे इसके लिए पक्की व्यवस्था होगी। पूर्वी दिल्ली लोकसभा में दफ्तर भी खोलेंगे और समय समय पर मैं भी नियमित तौर पर लोगों से मिलूंगा।
सवाल-वर्तमान सांसद भी आपकी ही पार्टी से हैं और उन्हें लेकर कहीं न कहीं जनता का विश्वास डगमग है? आप किन कड़ियों को जोड़ जनता के विश्वास को मजबूत करेंगे।
जवाब- ऐसा बिलकुल नहीं है। हमारे सांसद महेश गिरी ने शानदार काम किया। केजरीवाल सरकार की बेरुखी के बावजूद उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और पूर्वी दिल्ली के आधारभूत ढांचा के लिए बहुत काम किया है। मैं उनके काम को भी आगे बढ़ाऊंगा।